home page

अनूपपुर: नर्मदा संरक्षण के लिए इंगांराजविवि के समाज कार्य विभाग ने चलाया जन-जागरूकता अभियान

 | 
अनूपपुर: नर्मदा संरक्षण के लिए इंगांराजविवि के समाज कार्य विभाग ने चलाया जन-जागरूकता अभियान


अनूपपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक के समाज कार्य विभाग द्वारा पवित्र नर्मदा नदी की स्वच्छता, संरक्षण एवं पर्यावरणीय चेतना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को रामघाट स्थित नर्मदा मंदिर परिसर में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

पवित्र श्रावण मास के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में नर्मदा मंदिर में दर्शन एवं पूजन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने नर्मदा नदी की स्वच्छता, संरक्षण एवं पर्यावरण रक्षा के लिए सामूहिक संकल्प लिया। प्रतिभागियों ने प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा पर्यावरण-अनुकूल एवं सतत जीवनशैली अपनाने की प्रतिबद्धता जताई।

जन-जागरूकता अभियान के दौरान समाज कार्य विभाग के शोधार्थियों ने श्रद्धालुओं एवं नागरिकों से संवाद कर नर्मदा नदी को स्वच्छ रखने, प्लास्टिक एवं अन्य प्रदूषणकारी वस्तुओं के उपयोग को कम करने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया। “नर्मदा बचाओ, प्रकृति बचाओ, भविष्य बचाओ” और “एक कदम स्वच्छ नर्मदा के नाम” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को नर्मदा संरक्षण में व्यक्तिगत एवं सामूहिक सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान का संचालन समाज कार्य विभाग के पीएचडी शोधार्थियों जिनिमोल जे, आरती कैवर्त, इमल नारायण चौधरी, श्रवण कुमार पटेल एवं सारण्या एम. ने किया।

शोधार्थियों ने कहा कि नर्मदा केवल एक नदी नहीं, बल्कि अमरकंटक की प्राकृतिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है। इसकी पवित्रता और निर्मलता बनाए रखना केवल प्रशासन अथवा संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक और श्रद्धालु की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी पर्यावरण-अनुकूल आदतों और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से नर्मदा नदी एवं उसके पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला