home page

भोपाल में रिटायर्ड जज की बहू की मौत पर बवाल, मायके पक्ष ने पति पर लगाए गंभीर आरोप, थाने में किया प्रदर्शन

 | 
भोपाल में रिटायर्ड जज की बहू की मौत पर बवाल, मायके पक्ष ने पति पर लगाए गंभीर आरोप, थाने में किया प्रदर्शन


भोपाल, 14 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में रिटायर्ड महिला जज की बहू ट्विशा शर्मा की आत्महत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। गुरुवार को मृतका के परिजन महिला थाने पहुंचे और पुलिस कार्रवाई को लेकर जमकर हंगामा किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रभावशाली परिवार होने के कारण आरोपी पक्ष के खिलाफ कार्रवाई में देरी की जा रही है।

मृतका के मायके पक्ष ने पति समर्थ शर्मा पर मानसिक प्रताड़ना, हत्या और सबूत मिटाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस ने बयान दर्ज करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। मामले को लेकर थाने में काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।

परिजनों का आरोप- पुलिस ने नहीं सुनी बात

ट्विशा के परिजनों ने कटारा हिल्स पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि बुधवार देर रात वे न्याय की मांग लेकर थाने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उनसे बातचीत तक नहीं की। परिजनों के मुताबिक वे रात करीब 12 बजे तक थाने के बाहर खड़े रहे, जबकि थाना परिसर का गेट बंद कर दिया गया था। परिवार का आरोप है कि उनकी बेटी की मौत के बाद भी उसे बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। ट्विशा को “ड्रग एडिक्ट” बताए जाने से परिवार बेहद आहत है।

बहन बोली- शव छोड़कर एक घंटे गायब रहे पति और सास

मृतका की बहन प्रियंका शर्मा ने आरोप लगाया कि अस्पताल में मौत की पुष्टि होने के बाद पति समर्थ शर्मा और उसकी मां करीब एक घंटे तक गायब रहे। इसके बाद वे घर पहुंचे, जहां सबूतों से छेड़छाड़ की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि परिवार लगातार न्याय के लिए भटक रहा है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर उन्हें केवल इधर-उधर भेजा जा रहा है।

पुलिस ने आरोपों से किया इनकार

कटारा हिल्स थाना प्रभारी सुनील दुबे ने पुलिस पर लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि थाने में किसी प्रकार की बदसलूकी नहीं हुई। उन्होंने बताया कि थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा सकती है। पुलिस के अनुसार, परिजनों ने ही पुलिसकर्मियों से अभद्र व्यवहार किया। पुलिस ने बताया कि नवविवाहिता की मौत का मामला होने के कारण केस डायरी एसीपी को सौंप दी गई है। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी बताया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

एक साल पहले हुई थी शादी

31 वर्षीय ट्विशा शर्मा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थीं। उनकी शादी दिसंबर 2025 में भोपाल निवासी वकील समर्थ शर्मा से हुई थी। मृतका का भाई हर्षित शर्मा भारतीय सेना में मेजर हैं। परिजनों का दावा है कि शादी के बाद ट्विशा को लगातार मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था। भाई हर्षित के मुताबिक, मौत से पहले ट्विशा ने फोन पर बताया था कि वह भोपाल छोड़कर मायके लौटना चाहती है और इसके लिए उसने रिजर्वेशन भी करा लिया था।

ससुरालवालाें का पक्ष भी सामने आया

वहीं मृतका की सास एवं पूर्व जज गिरिबाला सिंह ने कहा कि घटना से पहले पूरा परिवार साथ बैठकर टीवी देख रहा था। उनके अनुसार, ट्विशा अक्सर छत पर फोन पर बात करने जाती थी। बाद में वह छत पर एक्सरसाइज में इस्तेमाल होने वाले इलास्टिक रबर के सहारे फंदे से लटकी मिली। उन्होंने यह भी दावा किया कि ट्विशा मनोवैज्ञानिक उपचार ले रही थी और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी दवाइयां चल रही थीं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे