home page

कलेक्‍टर ने की एसआईआर के तहत अभी तक की प्रगति की समीक्षा दो-तीन दिन के भीतर कार्य पूरा करने के दिये निर्देश

 | 
कलेक्‍टर ने की एसआईआर के तहत अभी तक की प्रगति की समीक्षा दो-तीन दिन के भीतर कार्य पूरा करने के दिये निर्देश


जबलपुर, 2 दिसंबर (हि.स.)। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) के अंतर्गत अभी तक किये गये कार्यों की विधानसभावार समीक्षा मंगलवार शाम आयोजित बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्‍टर राघवेन्‍द्र सिंह ने की। सिंह ने बैठक में ऐसे मतदाताओं पर विशेष ध्‍यान देने के निर्देश दिये जिनकी मैपिंग नहीं हो पा रही है। उन्‍होंने मतदाताओं के सत्‍यापन की प्रक्रिया के दौरान मृत, अनुपस्थित एवं स्‍थानांतरित मतदाताओं का घर-घर जाकर एक बार पुन: परीक्षण करने पर जोर दिया।

कलेक्‍ट्रेट के सभाकक्ष में संपन्‍न हुई इस बैठक में नगर निगम आयुक्‍त रामप्रकाश अहिरवार, मध्‍यप्रदेश इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल कुमार राठौर, नगर निगम के अपर आयुक्‍त अरविंद सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्‍योति परस्‍ते तथा आठों विधानसभाक्षेत्र के निर्वाचक रजिस्‍ट्रीकरण अधिकारी, सेक्‍टर अधिकारी एवं बीएलओ सुपरवाईजर भी मौजूद थे।

कलेक्‍टर ने बैठक में मतदाताओं से प्राप्‍त गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का कार्य समय रहते पूरा कर लेने की हिदायत अधिकारियों को दी। उन्‍होंने कहा कि भले ही निर्वाचन आयोग द्वारा एसआईआर के कार्यक्रम की अवधि बढ़ा दी गई है, लेकिन मतदाताओं से प्राप्‍त गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का कार्य दो-तीन दिन के भीतर पूरा कर लिया जाना चाहिए, ताकि शेष समय में मृत, अनुपस्थित और स्‍थानांतरित मतदाताओं का घर-घर जाकर एक बार पुन: परीक्षण किया जा सके।

बैठक में उन मतदान केन्‍द्रों की खास तौर पर समीक्षा की गई, जहां बड़ी संख्‍या में मतदाताओं से गणना प्रपत्र वापस प्राप्‍त नहीं हुए हैं। कलेक्‍टर ने इन क्षेत्रों के सेक्‍टर अधिकारियों एवं बीएलओ सुपरवाईजरों को आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्‍थानीय निकायों के कर्मचारियों का सहयोग लेकर एक बार फिर ऐसे मतदाताओं को घर-घर जाकर तलाशनें के निर्देश दिये। श्री सिंह ने उन मतदान केन्‍द्रों में जहां नो मैपिंग की श्रेणी वाले मतदाताओं की संख्‍या अप्रेक्षाकृत अधिक है उनकी नियमित तौर पर समीक्षा करने के निर्देश निर्वाचक रिजिस्‍ट्रीकरण अधिकारियों को दिये।

कलेक्‍टर ने नो मैपिंग वाले मतदाताओं से घर-घर जाकर संपर्क करने तथा उनकी पुन: मैपिंग करने के प्रयास करने पर भी जोर दिया, ताकि एक भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से शेष न रहे। बैठक में बताया गया कि जिले की विधानसभा क्षेत्र पाटन और बरगी में शत-प्रतिशत मतदाताओं से प्राप्‍त गणना पत्रकों का डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा कर लिया गया है। सिहोरा और पनागर विधानसभा क्षेत्र में भी यह कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जायेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक