home page

उज्जैनः कलेक्टर ने ली बाबा महाकाल की राजसी सवारी की तैयारियों को लेकर बैठक

 | 
उज्जैनः कलेक्टर ने ली बाबा महाकाल की राजसी सवारी की तैयारियों को लेकर बैठक


उज्जैन, 25 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में भगवान महाकालेश्वर की राजसी सवारी 7 सितम्बर को नगर भ्रमण पर निकलेगी। सवारी की व्यवस्था को लेकर मंगलवार शाम कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर सह अध्यक्ष महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति रोशन कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई।

राजसी सवारी मंदिर से महाकाल घाटी, गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार, कहारवाड़ी होते हुए रामघाट पहुंचेगी। रामघाट पर भगवान महाकालेश्वर का पूजन किया जाएगा। पश्चात सवारी रामानुजकोट, मोढ़ की धर्मशाला, कार्तिक चौक, खाती समाज मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, ढाबा रोड, टंकी चौराहा, तेलीवाड़ा चौराहा, कंठाल, सतीगेट, सराफा, छत्रीचौक, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार एवं गुदरी चौराहा होते हुए पुन: महाकालेश्वर मंदिर पहुंचेगी। सवारी मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त बैरिकेडिंग की व्यवस्था रहेगी।

राजसी सवारी में घुड़सवार, पुलिस बल, नगर सैनिक, विशेष सशस्त्र बल की टुकडय़िां तथा पुलिस बैंड शामिल होंगे। इस वर्ष इंदौर से दो पुलिस बैंड बुलाए गए हैं। संपूर्ण सवारी मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। गोपाल मंदिर पर अस्थायी कंट्रोल रूम स्थापित होगा। सवारी में परंपरानुसार 70 भजन मंडलियां सम्मिलित होंगी। प्रत्येक भजन मंडली से निर्धारित संख्या में सदस्यों को ही अनुमति दी जाएगी।

बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा,मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक, एएसपी गुरुप्रसाद पाराशर एवं आलोक शर्मा,जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कुमट, निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल