मध्य प्रदेश में दिवाली के बाद ठंड का असर होगा तेज, रात के पारे में आएगी गिरावट, 4 दिन मौसम रहेगा साफ
- प्रदेश में कहीं भी आंधी-बारिश का अलर्ट नहीं
भोपाल, 07 नवम्बर (हि.स.) । मध्य प्रदेश में दिवाली के बाद ठंड का असर बढ़ने लगेगा। अगले चार दिनों में रात के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है। इससे कई शहरों में न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है।
बीती शुक्रवार रात इंदौर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। यहां न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा शहडोल के कल्याणपुर और दमोह में 12.2 डिग्री, शाजापुर जिले के गिरवर में 12.6 डिग्री, उमरिया में 12.7 डिग्री तथा भोपाल और पचमढ़ी में 12.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
वहीं, दिन के तापमान में कुछ स्थानों पर गर्मी का असर बना हुआ है। अमरकंटक, पचमढ़ी, मलाजखंड, बैतूल, शिवपुरी और करौंदी में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस या इससे कम रहा। दूसरी ओर, छिंदवाड़ा प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां पारा 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अगले चार दिन कहीं भी आंधी-बारिश का अलर्ट नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को प्रदेश के किसी भी हिस्से में आंधी या बारिश का अलर्ट नहीं है। इस दिन रूप चौदस मनाई जाएगी। वहीं, दिवाली यानी 8 नवंबर को भी बारिश की संभावना नहीं है। मौसम साफ रहने से त्योहार के दौरान लोगों को राहत मिलेगी और उत्सव में मौसम खलल नहीं डालेगा।
15 नवंबर के बाद बढ़ेगी ठंड
पिछले 10 वर्षों के मौसम के रुझान पर नजर डालें तो नवंबर के दूसरे पखवाड़े से ठंड का असर बढ़ने लगता है। इस बार भी मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के दूसरे सप्ताह से तापमान में गिरावट तेज हो सकती है। इसका ज्यादा असर ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में देखने को मिल सकता है। यहां उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण रात के तापमान में तेजी से गिरावट होती है। ग्वालियर में 57 साल पहले नवंबर के दौरान न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। इसी तरह उज्जैन में 53 साल पहले न्यूनतम तापमान का रिकॉर्ड 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

