home page

अनूपपुर: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा कल्याण दास से की उत्तराखंड के अल्मोड़ा में सौजन्य भेंट, प्राप्त किया संतों का आशीर्वाद

 | 
अनूपपुर: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा कल्याण दास से की उत्तराखंड के अल्मोड़ा में सौजन्य भेंट, प्राप्त किया संतों का आशीर्वाद


अनूपपुर, 27 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को अपने उत्तराखंड प्रवास के दौरान अल्मोड़ा क्षेत्र स्थित पावन संत परंपरा के प्रतिष्ठित संत मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में स्थित पवित्र नगरी अमरकंटक के कल्याण सेवा आश्रम के संस्थापक परम तपस्वी बाबा कल्याण दास से सौजन्य भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा हाल-चाल जाना। यह मुलाकात आध्यात्मिक संवाद, सामाजिक समरसता और भारतीय सनातन परंपराओं के संरक्षण के भाव से सम्पन्न हुई।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बाबा कल्याण दास जी महराज से विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं समाजहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने संत परंपरा के मार्गदर्शन को राष्ट्र एवं समाज निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति बताते हुए कहा कि संत समाज सदैव जनकल्याण, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र रहा है।

बाबा कल्याण दास जी ने मुख्यमंत्री को आशीर्वाद देते हुए जनसेवा, लोककल्याण और धर्म आधारित सामाजिक मूल्यों के संरक्षण के लिए शुभकामनाएं प्रदान कीं। मुख्यमंत्री ने संतों के सान्निध्य को अपने लिए सौभाग्य बताते हुए उनके विचारों और मार्गदर्शन को प्रेरणास्रोत बताया।

इस अवसर पर स्वामी जगदीशानंद महाराज सहित अन्य संत-महात्मा भी इस दौरान उपस्थित रहे। सभी संतों ने राष्ट्र की उन्नति, समाज में सद्भाव और जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाने पर बल दिया। आध्यात्मिक वातावरण में सम्पन्न इस भेंट कार्यक्रम ने उपस्थित श्रद्धालुओं और अनुयायियों के बीच विशेष उत्साह और श्रद्धा का वातावरण निर्मित किया।

मुख्यमंत्री ने संतों से आशीर्वाद प्राप्त कर देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और समग्र विकास की कामना की। यह भेंट आध्यात्मिक चेतना और जनसेवा के समन्वय का एक महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर सामने आई।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला