home page

मंदसौर : दुर्घटना में मृत ऊंट का विधि-विधान से किया गया अंतिम संस्कार

 | 
मंदसौर : दुर्घटना में मृत ऊंट का विधि-विधान से किया गया अंतिम संस्कार


मंदसौर, 09 सितंबर (हि.स.)। सीतामऊ फाटक स्थित ब्रिज पर बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ऊंट की मौत हो गई। राजस्थान के रेबारी समाज के लोग ऊंटों को लेकर ब्रिज से गुजर रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रहे वाहन को देखकर एक ऊंट अचानक घबरा गया और संतुलन बिगड़ने से ब्रिज से नीचे जा गिरा। ऊंचाई से गिरने और गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही मूक पशु-पक्षियों की सेवा और संरक्षण के लिए कार्य कर रही गौ आरोग्य सेवा समिति के अध्यक्ष ओम बड़ोदिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल राहत और आवश्यक व्यवस्थाएं शुरू कराईं।

ओम बड़ोदिया ने क्षेत्रीय पार्षद प्रतिनिधि शैलेंद्र गिरी गोस्वामी और मृत ऊंट के मालिक के साथ नगर पालिका प्रशासन से संपर्क किया। इसके बाद नगर पालिका की जेसीबी और ट्रैक्टर को घटनास्थल पर बुलाया गया।

मृत ऊंट को सम्मानपूर्वक और सुरक्षित तरीके से ट्रैक्टर की सहायता से दुर्घटनास्थल से हटाकर उपयुक्त खुले स्थान पर ले जाया गया। इसके बाद जेसीबी से गड्ढा खोदकर धार्मिक रीति-रिवाजों और विधि-विधान के अनुसार उसका अंतिम संस्कार किया गया।

इस मानवीय पहल के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने गौ आरोग्य सेवा समिति के पदाधिकारियों की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की। दुर्घटना में मूक पशु की मौत के बाद जिस तरह सम्मानपूर्वक उसका अंतिम संस्कार कराया गया, उसे लोगों ने पशु सेवा और संवेदना का उदाहरण बताया।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया