home page

अनूपपुर: दो दिनों से लापता युवक का शव कुएं में मिला, एसडीआरएफ ने निकाला बाहर, गले में बंधा था पत्थर

 | 
अनूपपुर: दो दिनों से लापता युवक का शव कुएं में मिला, एसडीआरएफ ने निकाला बाहर, गले में बंधा था पत्थर


अनूपपुर: दो दिनों से लापता युवक का शव कुएं में मिला, एसडीआरएफ ने निकाला बाहर, गले में बंधा था पत्थर


अनूपपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के थाना करनपठार के ग्राम देवरी चक्कीटोला गांव में शनिवार की सुबह एसडीआरएफ अनूपपुर की टीम ने 20 फीट गहरे पानी से भरे कुएं से 48 वर्षीय किसान रमेश सिंह पुत्र लामू सिंह निवासी देवरी का शव बाहर निकाला है। जिसके गर्दन से लिपटे गमछे से लगभग 20 किलोग्राम वजनी पत्थर बंधे पाए गए। जिसे देखकर ग्रामीणों और पुलिस हैरान हो गए, एक छोर पर लगभग 10 किलो और दूसरे छोर पर 5-5 किलो के दो पत्थर बंधे थे।

इस घटना को परिजनों ने हत्या जैसी आशंका जताई, लेकिन परिजनों ने बताया कि गांव में आज तक उनका किसी से कोई वाद विवाद या दुश्मनी जैसी कोई बात नहीं हुई है। परिजनों ने मृतक रमेश सिंह को मानसिक स्थिति अच्छी नहीं रहने की जानकारी पुलिस को दी है। एक ओर जहां प्लाटून कमांडर और एसडीआरएफ राम नरेश भवेदी ने शव को पुलिस को सुपर्द कर जिला मुख्यालय के लिए वापसी की है। वहीं पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्डम के लिए बेनीबारी स्वास्थ्य केंद्र भेजा है, जहां पोस्टमार्डम बाद शव परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की जाएगी।

विवेचक एसआई धनेश्वर पटेल ने बताया कि मृतक किसान रमेश सिंह 15 अक्टूबर की सुबह खेत जाने की बात का घर से निकाला था। घर से लगभग तीन किलोमीटर दूर नर्मदा नदी किनारे रमेश सिंह का खेत है, अक्सर वह शाम या रात को भी घर आया करता था। घटना के दिन वह शाम को घर वापस नहीं लौटा था, परिजनों को लगा कि वह रात को वापस लौटेगा, लेकिन रात में भी नहीं लौटा। जिसके अगले दिन परिजनों ने खोजबीन आरंभ की, लेकिन खेत सहित नदी किनारे कहीं नहीं मिला। 16 अक्टूबर की रात परिजनों ने थाना करनपठार में रमेश सिंह की गुमशुदगी दर्ज कराई।

शनिवार की सुबह मृतक का बड़ा भाई फिर खोजबीन में खेत की ओर निकला, जहां रास्ते में घर से लगभग 3 किलोमीटर की दूरी पर किसान शिवचरण सिंह गोंड के खेत में बने कुएं के पास पहुंचा, वहां मृतक रमेश सिंह का जूता और मवेशी हांकने के काम आने वाली पैनारी को देखा। जिसके बाद उसे आशंका हुई कि संभवतः रमेश कुएं में गिर गया होगा। इसकी सूचना परिजनों, ग्रामीणों को दी। पुलिस ने भी जिला मुख्यालय अनूपपुर से एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम से मदद मांगी। प्लाटून कमांडर राम नरेश भवेदी टीम के साथ मौका स्थल पहुंचे, जहां कटिया के माध्यम से शव को बाहर निकाला।

प्रभारी राम नरेश भवेदी ने बताया कि शव दो दिनों से पानी के अंदर रहने से पूरी तरह फुल गया था, लेकिन गले में पत्थर बंधे होने के कारण पानी के ऊपर नहीं आया था। शव नीचे दबा था, इसलिए पानी के ऊपरी परत पर पानी के ज्यादा बुलबुले बने हुए नजर आए, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि अंदर कोई लाश पड़ी है। इसके बाद सैनिक अनुज कुमार, सुनील सिंह प्रहलाद सिंह, बालेन्द्र कुमार, शिवप्रताप, धन सिंह, बृजभान सिंह की टीम ने शव को बाहर निकालने में सफलता पाई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला