home page

खबर का असर: जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक-लैब में दो इनवर्टर और सोलर पैनल से जोड़ा गया

 | 
खबर का असर: जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक-लैब में दो इनवर्टर और सोलर पैनल से जोड़ा गया


खबर का असर: जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक-लैब में दो इनवर्टर और सोलर पैनल से जोड़ा गया


अनूपपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला चिकित्सालय के पुराने भवन में बिजली गुल होने की समस्या अब दूर करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। बहुभाषी न्यूज एजेंसी हिन्दुस्थान समाचार के प्रकाशन के बाद अस्पताल प्रबंधन ने ब्लड बैंक, लैब और बाहरी परिसर के लिए इंतजाम किए हैं। ब्लड बैंक और लैब के लिए दो इनवर्टर लगाए गए हैं, जबकि बाहरी परिसर को सोलर पैनल से जोड़ा गया है। खराब पैनल को सुधार के लिए दिल्ली भेजा गया था। जो वापस आ गया है और इसे जेनरेटर में लगाया जा रहा है।

जिला चिकित्सालय में लगाए गए दो इनवर्टर से बिजली गुल होने की स्थिति में ब्लड की जांच और स्टोरेज का काम प्रभावित नहीं होगा। वहीं बाहरी परिसर में सोलर पैनल से रात के समय रोशनी की व्यवस्था की गई है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को अंधेरे में आने-जाने में परेशानी नहीं होगी।

26 सितंबर को उठाया था मुद्दा

ज्ञात हो कि 26 सितंबर को हिन्दुस्थान समाचार ने जिला चिकित्सालय का पुराने भवन में रात के समय अंधेरे की समस्या को लेकर खबर प्रकाशित की थी। उस समय जेनरेटर का पैनल कई दिनों से खराब था और सुधार के लिए भेजा गया था। वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से मरीजों और अस्पताल स्टाफ को परेशानी हो रही थी।

पुराने भवन में ओपीडी, दवा वितरण, ड्रेसिंग, इमरजेंसी उपचार, पुरुष और महिला वार्ड संचालित होते हैं। ट्रॉमा सेंटर में एक्स-रे, सोनोग्राफी और एमआरआई जैसी जांच सुविधाएं भी हैं। बिजली की आंख-मिचौली के दौरान डॉक्टरों को अंधेरे में मरीजों का इलाज करना पड़ा था। नर्सों को दवाइयां देने और मरीजों के सैंपल लेने में भी परेशानी हुई थी। अब वैकल्पिक व्यवस्था के बाद अस्पताल प्रबंधन ने सेवाओं को सुचारू रखने की तैयारी की है।

सिविल सर्जन डॉ. एसआर परस्ते ने बताया कि जेनरेटर के पैनल में खराबी आने से बिजली की समस्या बनी थी। यह पैनल ब्लड बैंक, लैब और बाहरी परिसर से जुड़ा था। खराब पैनल को सुधार के लिए दिल्ली भेजा गया था। अब पैनल सुधरकर वापस आ गया है और इसे जेनरेटर में लगाया जा रहा है। उन्होंने व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग करने की बात कही।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला