मंदसौर : गेहूं खरीदी केंद्र पर किसानों का भाजपा ने किया स्वागत
मंदसौर, 09 अप्रैल (हि.स.)। समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के शुभारंभ के अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा द्वारा तोल केंद्र पर पहुंचे किसानों का सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में किया गया, जहां किसानों को शाल, श्रीफल एवं साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया। इस दौरान “किसानों के सम्मान में भाजपा मैदान में” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिल कियावत ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हित में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी से किसानों को आर्थिक मजबूती मिलेगी और उनका जीवन स्तर बेहतर होगा।
इस अवसर पर किसान मोर्चा प्रदेश प्रशिक्षण प्रभारी गणपतसिंह आंजना ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने समर्थन मूल्य पर खरीदी अभियान को किसानों की समृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में किसान मोर्चा जिला महामंत्री योगेंद्र सिंह चुण्डावत (राजा बना), युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष विजय तातेंड, किसान मोर्चा मंडल महामंत्री विनोद धनोतिया सहित बड़ी संख्या में किसान और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी निलेश जैन ने दी।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

