home page

उज्जैन में पुलिस को चकमा देकर भागा आरोपी, फिर पकड़ाया

 | 
उज्जैन में पुलिस को चकमा देकर भागा आरोपी, फिर पकड़ाया


उज्जैन, 08 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में चिमनगंज मंडी थाना पुलिस की अभिरक्षा में लाया गया एक आरोपी बुधवार को मेडिकल जांच के दौरान चकमा देकर चरक अस्पताल से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने लगातार तलाशी अभियान चलाते हुए कुछ ही घंटों में उसे बहादुरगंज क्षेत्र की एक धर्मशाला से दोबारा गिरफ्तार कर लिया।

चिमनगंज मंडी थाना पुलिस ने बताया कि नीरज श्रीवास्तव निवासी इंद्रानगर प्रॉपर्टी धोखाधड़ी के मामले में केंद्रीय भैरवगढ़ जेल में बंद था। इस मामले में उसकी मां और एक अन्य आरोपी भी जेल में हैं। इन लोगों ने एक ही मकान को कई लोगों के नाम बेचने के साथ फर्जी दस्तावेज और रजिस्ट्रियां तैयार कर धोखाधड़ी की थी। चिमनगंज मंडी थाना पुलिस नीरज को प्रोडक्शन वारंट पर जेल से लेकर आई थी। बुधवार सुबह पुलिस आरोपी को मेडिकल परीक्षण के लिए चरक अस्पताल लेकर पहुंची। इस दौरान दो आरक्षक उसकी निगरानी कर रहे थे। जांच के दौरान मौका मिलते ही नीरज पुलिस को चकमा देकर इमरजेंसी गेट से बाहर निकल गया। आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया और विभिन्न स्थानों पर उसकी तलाश की गई।

बहादुरगंज से गिरफ्तार,भागने में हुआ घायलचिमनगंज मंडी थाना प्रभारी विवेक कनोडिया ने बताया कि लगातार सर्चिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बहादुरगंज स्थित एक धर्मशाला में छिपा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और नीरज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि हिरासत से भागने के दौरान आरोपी ने ऊंचाई से छलांग लगाई थी, जिससे उसके दोनों पैरों और कमर में चोटें आई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल