home page

अनूपपुर: पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय दलबीर सिंह की 26वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई

 | 
अनूपपुर: पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय दलबीर सिंह की 26वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई


अनूपपुर, 02 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में सांसद हिमाद्री सिंह के पूज्य पिता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय दलबीर सिंह की 26वीं पुण्यतिथि मंगलवार को श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा क्षेत्र की जनता ने पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम स्थित निवास पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वर्गीय दलबीर सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान को स्मरण किया। कार्यक्रम में भाजपा, कांग्रेस सहित विभिन्न दलों के नेताओं एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। श्रद्धांजलि देने के लिए क्षेत्रवासियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।

इस अवसर पर सांसद हिमाद्री सिंह ने अपने पिता के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि स्वर्गीय दलबीर सिंह ने जनसेवा को अपना धर्म मानकर शहडोल संभाग के विकास के लिए अनेक ऐतिहासिक कार्य किए। उनके द्वारा किए गए विकास कार्य आज भी क्षेत्र के लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। स्वर्गीय दलबीर सिंह एक दूरदर्शी नेता, कुशल जनप्रतिनिधि एवं विकास पुरुष थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके कार्यों और विचारों को क्षेत्र की जनता आज भी सम्मानपूर्वक याद करती है। पुण्यतिथि के अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने स्वर्गीय दलबीर सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला