home page

इंदौर में ब्रिज की रेलिंग तोड़ 50 फीट नीचे गिरी थार, चार घायल, पास ही रेलवे ट्रैक, पुलिस जांच में जुटी

 | 
इंदौर में ब्रिज की रेलिंग तोड़ 50 फीट नीचे गिरी थार, चार घायल, पास ही रेलवे ट्रैक, पुलिस जांच में जुटी


इंदौर, 12 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर में राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर प्रतीक सेतु ब्रिज की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 50 फीट नीचे जा गिरी। कार नीचे गिरकर पलट गई और उसमें सवार चार लोग अंदर फंस गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे में चारों घायल हुए हैं और उनका इलाज जारी है।

हादसा शनिवार तड़के करीब 3:30 बजे हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार काले रंग की थार अन्नपूर्णा से बिजलपुर की तरफ जा रही थी। ब्रिज पर अचानक कार अनियंत्रित हो गई और रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और एयरबैग खुल गए। हादसे में घायल लोगों की पहचान आरती (25), अभिजीत (20), आदित्य और लावण्या के रूप में हुई है। कार पलटने के बाद सभी अंदर फंस गए थे। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस की मदद से घायलों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।

पास ही रेलवे ट्रैक, टला बड़ा हादसा

जिस स्थान पर थार नीचे गिरी, उसके पास ही रेलवे ट्रैक है। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय ब्रिज के नीचे या आसपास कोई अन्य वाहन अथवा राहगीर मौजूद नहीं था। इससे बड़ा हादसा टल गया।

शराब की बोतल मिलने की बात, नशे की जांच जारी

पुलिस के अनुसार कार की तलाशी के दौरान शराब की बोतल मिलने की जानकारी सामने आई है। हालांकि चालक हादसे के समय नशे में था या नहीं, इसकी पुष्टि जांच और मेडिकल परीक्षण के बाद होगी। पुलिस कार की रफ्तार, हादसे के कारण और उसमें सवार लोगों की स्थिति समेत पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। एसीपी निधि सक्सेना ने बताया कि प्रतीक सेतु से थार के नीचे गिरने की सूचना मिली थी। हादसे में चार लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे