home page

आगरमालवाः निर्माणाधीन मंदिर तोड़े जाने से नाराज हिन्दू संगठनों ने हाईवे पर लगाया जाम

 | 
आगरमालवाः निर्माणाधीन मंदिर तोड़े जाने से नाराज हिन्दू संगठनों ने हाईवे पर लगाया जाम


आगरमालवा, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले के ग्राम निपानिया बैजनाथ में निर्माणाधीन मंदिर को तोड़े जाने से नाराज बजरंग दल सहित हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कोतवाली थाने पहुंचकर धरना दिया और जमकर नारेबाजी की। देखते ही देखते मामला थाने से निकलकर नेशनल हाईवे तक पहुंच गया, जहां कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम कर दिया। इस दौरान करीब आधे घंटे तक हाईवे पर वाहनों के पहिए थमे रहे और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

जानकारी के अनुसार ग्राम निपानिया बैजनाथ में एक निर्माणाधीन मंदिर को तोड़े जाने से हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता नाराज थे। आरोप है कि मंदिर तोड़ने वाले व्यक्ति ने इस दौरान हिंदू संगठनों के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया था। इसी बात को लेकर शुक्रवार को बजरंग दल के कार्यकर्ता कोतवाली थाने पहुंचे और संबंधित व्यक्ति से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग पर अड़ गए। कार्यकर्ताओं का कहना था कि जब तक संबंधित व्यक्ति अपनी गलती स्वीकार कर माफी नहीं मांगता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

थाने में काफी देर तक धरना और नारेबाजी के बाद भी जब कार्यकर्ता अपनी मांग पर अड़े रहे तो उन्होंने थाना परिसर के बाहर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। अचानक हुए चक्काजाम से हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया। करीब आधे घंटे तक कार्यकर्ता सड़क पर बैठे रहे, जिसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को परेशानी का सामना करना। स्थिति को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने कार्यकर्ताओं को समझाइश दी। वहीं, संबंधित व्यक्ति द्वारा हिंदू संगठनों से माफी मांगे जाने के बाद कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध समाप्त किया और चक्काजाम खोल दिया। इसके बाद हाईवे पर यातायात बहाल हो सका।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा