home page

कटनी जिला अस्पताल में इलाज के दौरान 14 वर्षीय किशोरी की मौत, परिजनों ने उपचार में लापरवाही का लगाया आरोप

 | 
कटनी जिला अस्पताल में इलाज के दौरान 14 वर्षीय किशोरी की मौत, परिजनों ने उपचार में लापरवाही का लगाया आरोप


कटनी जिला अस्पताल में इलाज के दौरान 14 वर्षीय किशोरी की मौत, परिजनों ने उपचार में लापरवाही का लगाया आरोप


अस्पताल परिसर में हंगामा और प्रदर्शन, पुलिस बल तैनात, मौत के कारणों की जांच शुरू

कटनी, 15 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कटनी जिला अस्पताल में बुधवार को इलाज के दौरान 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने चिकित्सकों पर उपचार में लापरवाही और गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। बढ़ते तनाव को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात करना पड़ा। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, एनकेजे थाना क्षेत्र की जागृति कॉलोनी निवासी स्नेहा शुक्ला पुत्री आदित्य कुमार शुक्ला, को बुधवार सुबह पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई थी। परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों का कहना है कि अस्पताल पहुंचने तक स्नेहा की स्थिति सामान्य थी और वह स्वयं चलकर चिकित्सक के पास गई थी।

परिजनों के अनुसार, अस्पताल में भर्ती करने के बाद किशोरी को एक इंजेक्शन लगाया गया, जिसके कुछ देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन बाद में मृत घोषित कर दिया। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उपचार में लापरवाही और कथित रूप से गलत इंजेक्शन लगाए जाने के कारण उनकी बेटी की मौत हुई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। बजरंग दल के कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे और मुख्य द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की तथा अस्पताल परिसर में टायर जलाकर आक्रोश जताया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया और अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर शांत कराया।

अस्पताल प्रबंधन और पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चिकित्सकीय जांच के बाद ही किशोरी की मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे