home page

दमोह: टीम उम्मीद ने साफ-सफाई कर दिया स्वच्छता का संदेश

 | 
दमोह: टीम उम्मीद ने साफ-सफाई कर दिया स्वच्छता का संदेश


दमोह: टीम उम्मीद ने साफ-सफाई कर दिया स्वच्छता का संदेश


दमोह, 22 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह में रविवार को शहर को स्वच्छ, सुंदर और जागरूक बनाने के उद्देश्य से टीम उम्मीद–एक पहल दमोह के लिए द्वारा चलाया जा रहा साप्ताहिक स्वच्छता अभियान 16वें सप्ताह में भी उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। सुबह 8:00 से 10:00 बजे तक चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत इस बार पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क परिसर के बाहर व्यापक साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर दमोह कलेक्टर सुधीर कोचर स्वयं उपस्थित होकर टीम का उत्साहवर्धन किया तथा श्रमदान में सहभागिता भी की। स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर हरीश पटेल के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में दीपक सिंह राजपूत, शिवम सोनी, धर्मेंद्र सोनी, महेंद्र सिंह लोधी, मनोज गुप्ता, कृष्णा पटेल, डाली कटारे, नैना तिवारी, योगेश सुमन, नमन शांडिल्य, बंधन विश्वकर्मा, शिवांक असाटी, बालक नैतिक सोनी, अर्जुन प्रताप सिंह, एनआईसी अधिकारी योगेंद्र सिंह, सैडमेप जिलाधिकारी पी.एन. तिवारी, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक सुशील नामदेव तथा नपा कर्मी असद शेख सहित अनेक स्वयंसेवक शामिल रहे।

कलेक्टर सुधीर कोचर ने कहा कि टीम उम्मीद का यह सतत प्रयास केवल सफाई अभियान नहीं, बल्कि जन-जागरूकता का प्रेरक आंदोलन बन चुका है। हर सप्ताह नई ऊर्जा और नई पहल के साथ नागरिकों को जोड़ना सराहनीय है। उन्होंने सभी शहरवासियों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

अभियान के दौरान टीम के सबसे छोटे स्वच्छता दूत नैतिक सोनी को कलेक्टर द्वारा पेन, रबर और कंपास जैसी अध्ययन सामग्री भेंट कर प्रोत्साहित किया गया, जो उपस्थित लोगों के लिए प्रेरणादायक क्षण रहा। स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर हरीश पटेल ने कहा कि हर रविवार का यह दो घंटे का श्रमदान शहर के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी का प्रतीक है। लक्ष्य है कि अधिक से अधिक नागरिक इस मुहिम से जुड़ें और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लें।

जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक सुशील नामदेव ने कहा कि अब शहर में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक वातावरण बन रहा है और लोगों की बढ़ती भागीदारी इस अभियान की सफलता का प्रमाण है। लगातार 16 सप्ताह से जारी यह अभियान अब एक जनआंदोलन का रूप ले रहा है, जो स्वच्छ और सुंदर दमोह के निर्माण की दिशा में सशक्त कदम साबित हो रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव