home page

इंदौर में आरई-2 के बाधक मकान हटाने पहुंची टीम पर पथराव, पुलिस ने प्लास्टिक पाइप से खदेड़ा

 | 
इंदौर में आरई-2 के बाधक मकान हटाने पहुंची टीम पर पथराव, पुलिस ने प्लास्टिक पाइप से खदेड़ा


इंदौर में आरई-2 के बाधक मकान हटाने पहुंची टीम पर पथराव, पुलिस ने प्लास्टिक पाइप से खदेड़ा


-कार्रवाई के दौरान दो घायल, दो हिरासत में, शिव नगर और शिव दर्शन नगर में हटाए जा रहे निर्माण

इंदौर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में बंगाली चौराहा से पीपल्याहाना के बीच अधूरे पड़े आरई-2 रोड का निर्माण पूरा कराने के लिए मंगलवार सुबह नगर निगम और जिला प्रशासन की टीम बाधक निर्माण हटाने पहुंची। बिचौली कांकड़, शिव नगर और शिव दर्शन नगर में कार्रवाई शुरू होते ही कुछ लोगों ने विरोध किया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और रिमूवल टीम व पुलिस पर पथराव शुरू हो गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने प्लास्टिक पाइप और लाठियों की मदद से प्रदर्शन कर रहे लोगों को खदेड़ा। इस दौरान दो लोगों के घायल होने की सूचना है, जिन्हें अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।

कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। कुछ महिलाएं भी कार्रवाई का विरोध करने लगीं। महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें मौके से हटाया। कई परिवारों ने मकान खाली करने से इनकार किया, जिसके बाद प्रशासन और निगम की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में बाधक निर्माण हटाने की कार्रवाई आगे बढ़ाई। जेसीबी और पोकलेन मशीनों से पक्के निर्माण भी हटाए गए। इसी दौरान एक लड़की के बेहोश होने की भी सूचना है, जिसे परिजन ने संभाला।

4.25 किमी लंबी है आरई-2, 3.20 किमी काम पूरा

एसडीएम घनश्याम धनगर के अनुसार, आरई-2 की कुल लंबाई 4.25 किलोमीटर और चौड़ाई 45 मीटर है। इसमें 3.20 किलोमीटर सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि करीब एक किलोमीटर हिस्सा पिछले तीन साल से अधूरा है। सड़क निर्माण पर अब तक करीब 55 करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं। सड़क के प्रस्तावित मार्ग में कुल सात बस्तियां बाधक हैं।

325 परिवारों का हो चुका व्यवस्थापन

पिपलियाहाना-बिचौली कांकड़ क्षेत्र में 325 परिवारों का पहले ही व्यवस्थापन किया जा चुका है। इनमें से 303 परिवार आवासीय प्रकोष्ठों में रह रहे हैं। कोर्ट के स्थगन आदेश के कारण 22 मकानों को पहले नहीं हटाया गया था। कोर्ट के निर्णय के बाद संबंधित परिवारों को आवास आवंटित कर 15 दिन का नोटिस दिया गया है। इनके अलावा बने 58 अवैध कच्चे झोपड़े पहले ही हटाए जा चुके हैं। शांति नगर, पंचमुखी हनुमान मंदिर नायता रोड, स्कंदधाम कॉलोनी और आरटीओ के पास की बस्ती के परिवारों को भी प्रधानमंत्री आवास योजना के नीलगिरि परिसर में शिफ्ट किया जा चुका है।

शिव नगर में 117, शिव दर्शन नगर में 72 परिवार

अब शिव नगर और शिव दर्शन नगर में बाधक निर्माण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। शिव नगर में 80 मकानों में 117 परिवार और शिव दर्शन नगर में 55 मकानों में 72 परिवार रह रहे हैं। निगम के अनुसार, इन परिवारों का भी नीलगिरि परिसर में व्यवस्थापन किया जाना है। बाधक निर्माण हटने के बाद आरई-2 के बचे हिस्से का निर्माण शुरू कराया जाएगा।

चार प्रमुख क्षेत्रों को मिलेगी वैकल्पिक कनेक्टिविटी

आरई-2 का अधूरा हिस्सा पूरा होने से भूरी टेकरी, पीपल्याहाना, बंगाली चौराहा और नायता-मुंडला आरटीओ क्षेत्र को वैकल्पिक कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे इन क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होने और प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे