अनूपपुर: टीईटी की अनिवार्यता के विरोध में शिक्षक 20 सितंबर को होंगे लामबंद
अनूपपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। वर्षों से शिक्षा व्यवस्था की नींव मजबूत करने में जुटे सेवारत शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता के विरोध में अब शिक्षक संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे। संयुक्त शिक्षक मोर्चा परिवार अनूपपुर के बैनर तले 20 सितंबर 2026 को प्रातः 11 बजे समतपुर तालाब, अनूपपुर में शिक्षक एकता महासम्मेलन एवं शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
शिक्षा संघ अनूपपुर के जिला अध्यक्ष संजय निगम ने शनिवार को बताया कि लंबे समय से विद्यालयों में अध्यापन कार्य कर रहे शिक्षकों के अनुभव, समर्पण और सेवा योगदान को नजरअंदाज कर टीईटी जैसी अनिवार्य परीक्षा की व्यवस्था किए जाने से शिक्षकों में असंतोष है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में लगाए हैं, उनकी वर्षों की सेवा और अध्यापन अनुभव को भी योग्यता का महत्वपूर्ण आधार माना जाना चाहिए। महासम्मेलन में सेवारत शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता तत्काल समाप्त करने, वर्षों के अध्यापन अनुभव को वरिष्ठता एवं पदोन्नति का आधार मानने तथा शिक्षकों के लिए बिना शर्त सेवा सुरक्षा एवं पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी।
संजय निगम ने कहा कि शिक्षकों के अधिकारों, सेवा सुरक्षा और मान-सम्मान से जुड़े इन मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात शासन तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने जिले के समस्त शिक्षक साथियों से निर्धारित समय पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शिक्षक एकता को मजबूत करने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

