home page

अनूपपुर: शिक्षक विद्यार्थियों को जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ अध्यापन करायें- संभागायुक्त

 | 
अनूपपुर: शिक्षक विद्यार्थियों को जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ अध्यापन करायें- संभागायुक्त


अनूपपुर: शिक्षक विद्यार्थियों को जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ अध्यापन करायें- संभागायुक्त


अनूपपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। शहडोल संभाग संभागायुक्त सुरभि गुप्ता एवं कलेक्टर रत्नाकर झा ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरई में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों की पढ़ाई एवं पाठ्यक्रम की प्रगति की जानकारी लेते हुए विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। संभागायुक्त ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों को जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ अध्यापन कराया जाए तथा निर्धारित समय-सीमा में पाठ्यक्रम पूर्ण करना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ उन्हें नियमित रूप से अध्ययन के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि वे बेहतर शैक्षणिक परिणाम प्राप्त कर सकें। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए निरीक्षण किया। साथ में मुख्य कार्यपालिका अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी रहीं।

संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि शिक्षा उज्ज्वल भविष्य की सीढ़ी है। सभी विद्यार्थी नियमित रूप से अध्ययन करें और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत एवं निरंतर अध्ययन के लिए प्रेरित किया। कमिश्नर एवं कलेक्टर ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर विद्यार्थी को मिलने वाली व्यवस्था एवं सुविधाओं की भी जानकारी विद्यालय के प्राचार्य से प्राप्त की।

उप तहसील कार्यालय सरई में संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने किया पौधरोपण

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत संभागायुक्त सुरभि गुप्ता एवं कलेक्टर रत्नाकर झा ने उप तहसील कार्यालय सरई परिसर में पौधरोपण किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए तथा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र के विस्तार का संदेश दिया।

इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ वसीम अहमद भट्ट ने भी पौधरोपण किया। अधिकारियों ने पौधों के संरक्षण एवं उनकी नियमित देखभाल की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण के साथ-साथ रोपित पौधों की सुरक्षा एवं संवर्धन भी आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला