home page

सागर : टीईटी की विसंगतियों को लेकर 2000 से अधिक शिक्षकों ने किया प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट घेर कर सौंपा ज्ञापन

 | 
सागर : टीईटी की विसंगतियों को लेकर 2000 से अधिक शिक्षकों ने किया प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट घेर कर सौंपा ज्ञापन


सागर, 20 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में शिक्षक संवर्ग पर टीईटी की विसंगतिपूर्ण अनिवार्यता और अन्य विभागीय नीतियों से आक्रोशित शिक्षकों ने रविवार को शक्ति प्रदर्शन किया। संयुक्त मोर्चा के बैनर तले एकत्रित हुए लगभग 2,000 से अधिक शिक्षकों ने सामूहिक उपवास और पैदल रैली निकालकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा।

मोर्चा के जिला संयोजक राकेश राजपूत एवं धर्मेंद्र दुबे ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जिले भर के 2,000 से अधिक शिक्षक साथी स्वीडिश मिशन परिसर में एकत्रित हुए, जहाँ उन्होंने दिनभर सामूहिक उपवास रखा। इसके बाद सायं 4:00 बजे स्वीडिश मिशन परिसर से एक विशाल रैली निकाली गई, जो कलेक्ट्रेट परिसर पहुंची। वहाँ प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

शिक्षकों की प्रमुख मांगें

टीईटी से मुक्ति: अध्यापकों पर लागू टीईटी परीक्षा की अनिवार्यता को तत्काल समाप्त कर शिक्षक संवर्ग को इससे मुक्त किया जाए।

ई-अटेंडेंस की समाप्ति: दोषपूर्ण और व्यावहारिक रूप से कठिन ई-अटेंडेंस व्यवस्था को तुरंत बंद किया जाए।

पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली: शिक्षकों के सुरक्षित भविष्य के लिए पुरानी पेंशन योजना को पुनः लागू किया जाए।

प्रथम नियुक्ति दिनांक से सेवा गणना: प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा अवधि जोड़कर पेंशन, ग्रेच्युटी और अर्जित अवकाशों के नगदीकरण का लाभ दिया जाए।

कैशलेस इलाज की सुविधा: अध्यापक-शिक्षक संवर्ग को कैशलेस स्वास्थ्य योजना से जोड़ा जाए।

संयुक्त मोर्चा ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिले भर से पहुंचे सभी शिक्षक साथियों का आभार व्यक्त किया। प्रदर्शन में प्रमुख रूप से सूर्य पाल राजपूत (शिक्षक संघ), डॉ. राजेन्द्र यादव, राकेश श्रीवास्तव, संजय श्रीवास्तव, शशीभूषण तिवारी, राजकुमार कपूर, बृजेंद्र चौबे, कृष्ण मुरारी, गोविंद सिंह ठाकुर, अजय उपाध्याय, दशरथ लोधी, प्रमोद चौबे, अर्जुन सिंह केसली, बृजेश शुक्ला, श्रीकांत गर्ग, राजकुमार लोधी, राघवेन्द्र सिंह ठाकुर, मनीषा चढ़ार, विजया मिश्रा, संध्या साहू, नीता विश्वकर्मा, कुरेशा खान, अनुराधा, अरुण दुबे, पुष्पेंद्र ठाकुर, विजय सिंह ठाकुर सहित समस्त अध्यापक-शिक्षक साथी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे