शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों की मांगों पर जीतू पटवारी ने की सरकार से तत्काल निर्णय लेने की अपील
भोपाल, 25 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शिक्षक भर्ती में पद-वृद्धि सहित विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों से वीडियो कॉल के माध्यम से संवाद किया। उन्होंने अभ्यर्थियों की समस्याएं और उनकी मांगें सुनीं तथा सरकार से इस मामले में संवेदनशीलता के साथ सकारात्मक पहल करने की अपील की।
जीतू पटवारी ने मंगलवार काे जारी अपने बयान में कहा कि शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। बातचीत के दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों की चिंताओं और भविष्य को लेकर बनी अनिश्चितता को समझा। उन्होंने कहा कि शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों की जायज मांगों का कांग्रेस समर्थन करती है और उनकी आवाज उचित मंचों पर उठाती रहेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से शिक्षक भर्ती में पद-वृद्धि सहित अन्य मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की। पटवारी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में युवाओं ने वर्षों तक मेहनत और संसाधन लगाए हैं। रोजगार की उम्मीद कर रहे इन युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाना चाहिए और समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
पीसीसी चीफ पटवारी ने कहा कि युवाओं को अपनी मांगों के लिए लगातार आंदोलन करने की स्थिति में नहीं आना चाहिए। सरकार को उनके साथ संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान तलाशना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि रोजगार और अपने भविष्य को लेकर स्पष्टता की जरूरत है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील करते हुए कहा कि युवाओं की बात सुनी जाए और शिक्षक भर्ती में पद-वृद्धि सहित उनकी जायज मांगों पर संवेदनशीलता एवं सकारात्मकता के साथ तत्काल निर्णय लिया जाए। पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश कांग्रेस युवाओं के रोजगार और उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दों को हर उचित मंच पर उठाती रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

