मप्रः यूसीसी को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना, युवाओं और आदिवासियों के मुद्दों पर मांगा जवाब
भाेपाल, 22 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश के सामने मौजूद वास्तविक चुनौतियों पर ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यूसीसी को लेकर चल रही चर्चा जनता के मूल मुद्दों से ध्यान हटाने का प्रयास है।
जीतू पटवारी ने साेमवार काे जारी अपने बयान में कहा कि प्रदेश का युवा बेरोजगारी, बढ़ती महंगाई और रोजगार के सीमित अवसरों जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। वहीं किसानों और आदिवासी समुदाय से जुड़े कई मुद्दे भी सरकार के समक्ष हैं। ऐसे में सरकार को इन विषयों पर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करनी चाहिए।
आदिवासी हितों से जुड़े सवाल उठाए
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पटवारी ने मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव से आदिवासी क्षेत्रों के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार संबंधी योजनाओं की प्रगति पर जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि आदिवासी समुदाय के हितों और उनके लिए किए गए वादों की स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए। पटवारी ने आदिवासी महिलाओं की सुरक्षा और उनसे जुड़े मामलों पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार को इस संबंध में प्रभावी कदमों और जवाबदेही की जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए।
यूसीसी पर स्पष्टता की मांग
उन्होंने कहा कि यदि यूसीसी को लागू करने पर विचार किया जा रहा है तो सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि इससे आदिवासी समाज की परंपराओं, सांस्कृतिक पहचान और संविधान के तहत प्राप्त विशेष अधिकारों पर क्या प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इस विषय पर समाज की आशंकाओं का समाधान किया जाना आवश्यक है।
जनता के मुद्दों पर फोकस की जरूरत
जीतू पटवारी ने कहा कि प्रदेश की जनता रोजगार, महंगाई, आर्थिक चुनौतियों और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर ठोस समाधान चाहती है। कांग्रेस पार्टी इन विषयों को लगातार उठाती रहेगी और जनता के अधिकारों, आदिवासी हितों तथा संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

