home page

राजगढ़ः शान से लहराया तिरंगा, स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति से सराबोर हुआ शहर

 | 
राजगढ़ः शान से लहराया तिरंगा, स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति से सराबोर हुआ शहर


राजगढ़, 15 अगस्त (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में जिला मुख्यालय पर शनिवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह, उमंग और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद उन्होंने खुली जीप में परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। इस दौरान कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी उनके साथ रहे। ध्वजारोहण के बाद रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़े गए। प्रदेश की जनता के नाम मुख्यमंत्री का संदेश का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। राज्यमंत्री पंवार ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी किया।

समारोह में सांसद रोडमल नागर, विधायक अमरसिंह यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। परेड ने बांधा समां, विजेताओं को मिले पुरस्कार विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल, नगर सेना, महिला पुलिस बल, स्काउट, रेडक्रास और शौर्य दल की टुकड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक अश्विनी बंडोड रहीं। सीनियर वर्ग में विशेष सशस्त्र बल प्रथम, जिला पुलिस बल द्वितीय और होमगार्ड बल तृतीय रहा। जूनियर वर्ग में उत्कृष्ट विद्यालय का स्काउट दल प्रथम, सांदीपनि विद्यालय का रेडक्रास दल द्वितीय और शौर्य दल तृतीय स्थान पर रहा। स्कूली विद्यार्थियों ने सामूहिक पीटी और देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। सांस्कृतिक कार्यक्रम में सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्रथम, उत्कृष्ट विद्यालय द्वितीय और शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तृतीय रहा।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान राज्यमंत्री पंवार ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं लोकतंत्र सेनानियों अशोक शर्मा, ब्रजमोहन आचार्य और नरसिंहगढ़ के राधावल्लभ विजयवर्गीय को शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को भी प्रशस्ति पत्र दिए गए। जनसंपर्क कार्यालय के मनोहरलाल गनावे सम्मानित जिला जनसंपर्क कार्यालय राजगढ़ के हेल्पर मनोहरलाल गनावे को भी उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने कार्यालय में लेखा संबंधी कार्यों के साथ मीडिया समन्वय, शासकीय कार्यक्रमों की कवरेज और मीडिया प्रतिनिधियों की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यार्थियों के साथ बैठकर किया विशेष भोज समारोह के बाद राज्यमंत्री पंवार सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत आयोजित विशेष भोज में उन्होंने विद्यार्थियों के साथ बैठकर भोजन किया।

सांसद रोडमल नागर, विधायक अमर सिंह यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले और एसपी अमित तोलानी सहित जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने भी विद्यार्थियों के साथ भोजन किया। इस अवसर पर “बदलते दौर का मध्यप्रदेश राजगढ़ जिले की विकास गाथा” पुस्तिका का वितरण भी किया गया, जिसमें जिले के विकास कार्यों, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ समारोह का समापन हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक