home page

मिलावट की आशंका में 114 किलो मिठाई जब्त, सैंपल जांच के लिए भेजे, रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई

 | 
मिलावट की आशंका में 114 किलो मिठाई जब्त, सैंपल जांच के लिए भेजे, रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई


भोपाल, 26 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश में रक्षाबंधन के त्योहार से पहले खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मिलावट की आशंका को देखते हुए मिठाई दुकानों के निरीक्षण की कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को सीहोर रोड स्थित सांई बाबा ट्रेडिंग का निरीक्षण कर टीम ने 114 किलो अलग-अलग वैरायटी की मिठाइयां जब्त कीं। जब्त मिठाइयों की अनुमानित कीमत 22,800 रुपए बताई गई है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, निरीक्षण के दौरान मिठाइयों की गुणवत्ता को लेकर आवश्यक जांच की गई और संबंधित खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। इन नमूनों को जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही मिठाइयों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने की स्थिति स्पष्ट होगी। कार्रवाई के दौरान नंदी स्वीट हलवा 27 किलो, कृष्णा हलवा 27 किलो, गोपाल स्वीट्स बर्फी 30 किलो और कृष्णा डिलिशियस स्वीट 30 किलो जब्त की गई।

पैकेट पर दर्ज सामग्री की भी जांच

निरीक्षण के दौरान कृष्णा डिलिशियस स्वीट के पैकेट पर निर्माता की ओर से मिल्क सॉलिड, शुगर, वनस्पति और रिफाइंड पामोलिन ऑयल आदि सामग्री का उल्लेख पाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, उत्पाद में इस्तेमाल सामग्री और उसकी वास्तविक गुणवत्ता खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप है या नहीं, इसका निर्धारण प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर किया जाएगा।

रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

खाद्य पदार्थों के विधिवत नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत लिए गए हैं। विभाग के अनुसार, यदि प्रयोगशाला जांच में कोई नमूना अमानक या असुरक्षित पाया जाता है तो संबंधित विक्रेता/निर्माता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। त्योहार को देखते हुए विभाग की टीमें मावा और मिठाई विक्रेताओं के यहां निरीक्षण एवं सैंपलिंग की कार्रवाई आगे भी जारी रखेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे