home page

इंदौरः कलेक्टर के निर्देश पर शासकीय कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण

 | 

- समय पर दफ्तर नहीं पहुंचने वाले 330 कर्मचारियों के एक दिन के वेतन काटने के निर्देश

इंदौर, 5 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के संबंध में कलेक्टर आशीष सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को अधिकारियों द्वारा इंदौर के विभिन्न शासकीय कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान निर्धारित समय पर कार्यालय नहीं पहुंचने वाले 330 कर्मचारियों के एक दिन के वेतन काटने के निर्देश दिए गये। इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

कलेक्टर आशीष सिंह ने सभी शासकीय सेवकों को हिदायत दी है कि वे अपने कार्यालय में शासन द्वारा निर्धारित समय सुबह 10 बजे अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। वे कार्यालय में शाम 6 बजे तक उपस्थित रहें। उन्होंने बताया कि शासकीय कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण लगातार किया जायेगा। निर्धारित समय पर कार्यालय नहीं पहुंचने वाले कर्मचारियों के विरूद्ध कार्रवाई की जायेगी।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा आदेश जारी कर शासकीय सेवकों से कहा गया है कि वे अपने-अपने कार्यालयों में सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश