सागरः मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने दी बड़ी सौगात, रजवांस में बनेगा नया बिजली सब-स्टेशन
सागर, 14 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने गुरुवार को सागर के सुरखी विधानसभा क्षेत्र को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी है। उन्होंने ग्राम रजवांस और ऐरन मिर्जापुर सहित विभिन्न पंचायतों में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत वाले विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी के प्रदर्शन पर हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने कहा, भाजपा की सफलता इस बात का प्रमाण है कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव की जनकल्याणकारी नीतियों पर अटूट भरोसा करती है। आज का भारत जागरूक है, जो अब केवल 'काम' की राजनीति को समझता है और विकास के आधार पर ही अपना समर्थन देता है।
क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों की पुरानी मांग को पूरा करते हुए मंत्री ने ग्राम रजवांस में 33/11 KV के नवीन विद्युत उपकेंद्र (सब-स्टेशन) का भूमिपूजन किया। इस परियोजना के लाभ बताते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ होगी। किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण बिजली मिलेगी। लो-वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती जैसी समस्याओं का स्थाई समाधान होगा।
मंत्री राजपूत ने ग्राम पंचायत ऐरन मिर्जापुर में नवनिर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण किया और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए मंगल भवन की आधारशिला रखी। इसके अलावा पिपरिया खास में आवागमन को सुगम बनाने के लिए सीसी रोड निर्माण का भूमिपूजन किया गया। गांवों में सार्वजनिक बैठकों और सामाजिक आयोजनों के लिए विभिन्न स्थानों पर चबूतरा निर्माण कार्य शुरू कराए गए। मंत्री ने दोहराया कि गांव-गांव तक सड़क, बिजली और सामुदायिक भवनों का विस्तार उनकी प्राथमिकता है।
इस अवसर पर राहतगढ़ नगर मंडल अध्यक्ष प्रियंक तिवारी, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र रघुवंशी, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष रामकुमार यादव, देवेंद्र रघुवंशी, विनोद कपूर, डेनी जैन सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय सरपंच और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

