रवीन्द्र भवन में गूंजेंगे सुनील लोधी के भजन, 2 अक्टूबर को होगी विशेष भजन संध्या
भोपाल, 23 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को राजधानी भोपाल के रवीन्द्र भवन में विशेष भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। स्वराज संस्थान संचालनालय, संस्कृति विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा शाम 6.30 बजे आयोजित ‘एकै राम रहीम भजन संध्या’ कार्यक्रम में ‘हनुमान अंश’ फेम युवा भजन गायक सुनील लोधी और उनके दल द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।
मध्य प्रदेश के युवा भजन गायक सुनील लोधी ने कम समय में अपनी अलग पहचान बनाई है। ‘हनुमान अंश’ फिल्म के चर्चित गीत ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैय्या डार दई’ से उन्हें विशेष लोकप्रियता मिली। उनकी विशिष्ट आवाज और लोक गायन की शैली ने श्रोताओं के बीच उन्हें अलग पहचान दिलाई है।
धार्मिक आयोजनों से ट्रेन तक भजनों का सफर
सुनील लोधी को बचपन से ही गायन का शौक रहा है। उन्होंने गांव में होने वाले धार्मिक आयोजनों से भक्ति गीतों की प्रस्तुति शुरू की। इसके बाद उन्होंने ट्रेनों में भी भजन गाकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया और अपनी गायकी के लिए प्रशंसा हासिल की।
दृष्टिहीन होने के बावजूद सुनील लोधी ने अपनी प्रतिभा और आवाज के दम पर संगीत के क्षेत्र में पहचान बनाई। सोशल मीडिया के माध्यम से भी उनके भजन बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचे और उन्हें लोकप्रियता मिली।
‘हनुमान अंश’ फिल्म के गीत ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैय्या डार दई’ ने उनकी लोकप्रियता को नई ऊंचाई दी। इस गीत के बाद सुनील लोधी की आवाज को व्यापक स्तर पर पहचान मिली और वे युवा भजन गायकों के बीच चर्चित नाम बन गए।
2 अक्टूबर को रवीन्द्र भवन में होने वाली भजन संध्या में सुनील लोधी एवं उनका दल अपनी भजनों की प्रस्तुति से श्रोताओं को भक्तिरस से सराबोर करेंगे। गांधी जयंती और शास्त्री जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में भक्ति संगीत के माध्यम से श्रद्धा और सांस्कृतिक भावनाओं की प्रस्तुति होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

