home page

भोपाल में ‘संडे ऑन साइकिल’ का शतक, मानव संग्रहालय से निकली साइकिल रैली

 | 
भोपाल में ‘संडे ऑन साइकिल’ का शतक, मानव संग्रहालय से निकली साइकिल रैली


भोपाल, 29 नवंबर (हि.स.)। फिट इंडिया मूवमेंट के तहत रविवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ‘संडे ऑन साइकिल’ के 100वें संस्करण का उत्साह के साथ आयोजन किया गया। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में आयोजित कार्यक्रम में खिलाड़ियों, युवाओं और फिटनेस प्रेमियों ने साइकिल रैली में हिस्सा लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का संदेश दिया। इस विशेष आयोजन में अर्जुन पुरस्कार विजेता एवं दो बार के ओलंपियन विवेक सागर प्रसाद भी शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6 बजे मानव संग्रहालय के गेट नंबर-2 से हुई। यहां से साइकिल रैली निर्धारित मार्ग से गुजरते हुए संग्रहालय के गेट नंबर-1 पर पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में खिलाड़ियों और युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ भागीदारी की। आयोजन का उद्देश्य लोगों को नियमित शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूक करने के साथ साइकिलिंग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

ओलंपियन और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम में दो बार ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके अर्जुन पुरस्कार विजेता विवेक सागर प्रसाद, 2012 ओलंपियन एवं एथलेटिक्स कोच राम सिंह और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एल. नेहा देवी शामिल हुईं। इनके अलावा भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के अधिकारियों और बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों ने भी साइकिल रैली में हिस्सा लिया।

देशभर के 100 प्रमुख स्थलों पर एक साथ आयोजन

‘संडे ऑन साइकिल’ के 100वें संस्करण को विशेष बनाने के लिए देशभर में एक साथ 100 प्रतिष्ठित स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुंबई के गिरगांव चौपाटी से केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने राष्ट्रीय आयोजन का नेतृत्व किया। भोपाल में कार्यक्रम का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, फिट इंडिया मूवमेंट, भारतीय खेल प्राधिकरण और भारतीय ओलंपिक संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का जन अभियान

साई भोपाल के क्षेत्रीय निदेशक गौरव रावत ने कहा कि ‘संडे ऑन साइकिल’ अब केवल साइकिल चलाने की गतिविधि नहीं रह गया है, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने वाला जन आंदोलन बन चुका है। इस तरह के आयोजन लोगों को अपनी दिनचर्या में शारीरिक गतिविधियों को शामिल करने के लिए प्रेरित करते हैं।

वहीं, ओलंपियन विवेक सागर प्रसाद ने कहा कि फिटनेस एक मजबूत राष्ट्र की नींव है। इस तरह की पहल युवाओं और आम लोगों को खेलों से जुड़ने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने ऐसे आयोजनों को खेल संस्कृति के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे