home page

सागर के सुधीर राजौरिया ने यूपीएससी परीक्षा में हासिल की 157वीं रैंक, सहायक कमांडेंट पद पर चयन

 | 
सागर के सुधीर राजौरिया ने यूपीएससी परीक्षा में हासिल की 157वीं रैंक, सहायक कमांडेंट पद पर चयन


सागर, 08 अगस्त (हि.स.)। संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में मध्‍य प्रदेश के सागर जिले के युवा सुधीर राजौरिया ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उन्होंने अखिल भारतीय स्तर पर 157वीं रैंक प्राप्त कर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल में सहायक कमांडेंट के पद के लिए चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है।

सुधीर की सफलता की जानकारी सामने आते ही उनके गृह क्षेत्र में खुशी का माहौल बन गया। परिजनों और परिचितों के साथ स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उनके पैतृक निवास पर भी लोगों का पहुंचना जारी है और मिठाई बांटकर खुशी मनाई गई।

सुधीर राजौरिया सामान्य मध्यमवर्गीय परिवार से आते हैं। उनके पिता राजेश राजौरिया सागर जिले की केसली तहसील में ग्राम पंचायत सचिव के रूप में कार्यरत हैं। उनकी मां गृहिणी हैं। सुधीर दो भाइयों में छोटे हैं। उनके बड़े भाई भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं और सरकारी सेवा में जाने के लिए प्रयासरत हैं।

परिवार के मुताबिक सुधीर ने अपनी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के दौरान लक्ष्य को लेकर लगातार गंभीरता बनाए रखी। उनकी मेहनत, अनुशासित दिनचर्या और सुनियोजित तैयारी का परिणाम उन्हें राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में मिली 157वीं रैंक के रूप में सामने आया।

बेटे की सफलता पर पिता राजेश राजौरिया ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि सुधीर शुरू से ही अपने लक्ष्य को लेकर गंभीर रहा है। उसने कठिन परिस्थितियों के बावजूद लगातार मेहनत जारी रखी और आखिरकार अपनी मेहनत को सफलता में बदल दिया।

छोटे शहर और सामान्य पारिवारिक पृष्ठभूमि से निकलकर देश की प्रतिष्ठित चयन प्रक्रिया में सफलता हासिल करने वाले सुधीर की उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है। उनकी सफलता से उन अभ्यर्थियों को भी हौसला मिला है, जो प्रशासनिक सेवाओं और सुरक्षा बलों में अधिकारी बनने का लक्ष्य लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।

सुधीर की उपलब्धि पर क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए देशसेवा के क्षेत्र में बेहतर योगदान की उम्मीद जताई।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे