home page

अनूपपुर: दिव्यांगजन शिविर मे 368 पंजीकृत दिव्यांगों का विषय विशेषज्ञों ने किया परीक्षण

 | 
अनूपपुर: दिव्यांगजन शिविर मे 368 पंजीकृत दिव्यांगों का विषय विशेषज्ञों ने किया परीक्षण


अनूपपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के दिव्यांगजन के चिन्हांकन/मूल्यांकन की स्क्रीनिंग और दिव्यांगता प्रमाणन के लिए गुरूवार को जिला स्तरीय विशेष शिविर जिला चिकित्सालय अनूपपुर प्रांगण में आयोजित किया गया। जिसमे 368 लोगों ने पंजीयन कराकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया।

शिविर में बडी संख्या मे दिव्यांगों का चिन्हांकन किया गया। साथ ही ऑर्थोपेडिक, मेडिसिन,शिशु रोग,नाक कान गला रोग, मानसिक रोग, नेत्र रोग के दिव्यांगों के चिन्हांकन परीक्षण की कार्रवाई उपरांत 213 दिव्यांगों को दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाये गये। इस अवसर पर आयुष्मान कार्ड, तथा यूडीआईडी बनाए जाने के लिए कैंप भी लगाया गया था जिसका लाभ दिव्यांगजनों को प्राप्त हुआ।

कलेक्टर रत्नाकर झा एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी के दिशा- निर्देशन में आयोजित शिविर मे जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र के दिव्यांगजन उपस्थित रहकर परीक्षण कराया। परीक्षण उपरांत चिकित्सा विषय विशेषज्ञों द्वारा दिव्यांग प्रतिशत के आधार पर दिव्यांग चिन्हांकन व मूल्यांकन के आधार पर यूडीआईडी कार्ड बनाने की कार्यवाही की गई। शिविर में बनाए गए दिव्यांगता प्रमाण पत्र के आधार पर दिव्यांगजन शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।

शिविर में मानसिक रोग विशेषज्ञ, मेडिसिन रोग विशेषज्ञ, नाक- कान- गला रोग विशेषज्ञ, नेत्र विशेषज्ञ, आर्थ्रोपोडिक्स विशेषज्ञ,शिशु रोग विशेषज्ञ, ने उपस्थित रहकर दिव्यांग जनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस अवसर पर आयुष्मान कार्ड तथा यूडीआईडी बनाने के लिए भी शिविर लगाया गया था।

जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी ने शिविर में उपस्थिति रहकर दिव्यांगों की समस्याएं सुनी तथा दिव्यांगों के स्वास्थ्य परीक्षण कार्य की मॉनिटरिंग की। उन्होंने दिव्यांगों तथा उनके परिजनों से दिव्यांगता के संबंध में जानकारी ली तथा उनकी समस्याओं का समाधान कराया।

दिव्यांग परीक्षण शिविर में सामाजिक न्याय विभाग के उपसंचालक के के के सोनी, सिविल सर्जन डॉ एस आर परस्ते जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एस सी राय, जिला चिकित्सालय के लैब टेक्नीशियन भाई लाल पटेल, समग्र विस्तार अधिकारी सुदीप गर्ग, जगजीवन चौधरी, ईश्वर चंद शर्मा, रामेश्वर बैगा, स्तुति मलैया,अखिलेश अग्निहोत्री एवं विशेषज्ञ चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टाफ तथा ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकायों के अमले का सहयोग उल्लेखनीय रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला