(अपडेट) 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत इंदौर से भोपाल तक 'युवा स्वाभिमान साइक्लोथॉन' का शुभारंभ
जीतू पटवारी ने दिखाई हरी झंडी, शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर कांग्रेस ने शुरू की 200 किलोमीटर की साइकिल यात्रा
इंदौर, 14 जुलाई (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर मध्य प्रदेश कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे 40 दिवसीय 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत मंगलवार को इंदौर से भोपाल तक 'युवा स्वाभिमान साइक्लोथॉन' का शुभारंभ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में हुआ। शिक्षा, रोजगार और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित इस लगभग 200 किलोमीटर लंबी साइकिल यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यात्रा इंदौर से विभिन्न नगरों और कस्बों से होते हुए 15 जुलाई को भोपाल पहुंचेगी। कांग्रेस का कहना है कि यात्रा का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर जनजागरण करना है।
इस अवसर पर जीतू पटवारी ने कहा कि यह केवल साइकिल यात्रा नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों को लेकर जनआंदोलन है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण युवाओं को शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी से युवाओं में निराशा बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि सरकारी शिक्षण संस्थानों को सुदृढ़ बनाया जाए, रिक्त शिक्षकों एवं सरकारी पदों पर समयबद्ध नियुक्तियां की जाएं तथा प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी भर्तियों का वार्षिक कैलेंडर जारी किया जाए। साथ ही शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग भी की।
पीसीसी चीफ पटवारी ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग दोहराई। उन्होंने युवाओं से 9 अगस्त को नई दिल्ली में प्रस्तावित राष्ट्रीय छात्र आंदोलन में शामिल होने का भी आह्वान किया।
मंगलवार को यात्रा देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) आरएनटी मार्ग से प्रारंभ होकर रीगल चौराहा, हाई कोर्ट चौराहा, लैंटर्न चौराहा, मालवा मिल चौराहा, पाटनीपुरा, भमोरी, सयाजी चौराहा, लसूडिया, विजय नगर, सत्य साईं चौराहा, देवास नाका, मंगलिया, बायपास रोड, दकाच्या, क्षिप्रा, देवास शहर से सोनकच्छ होते हुए आष्टा पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा।15 जुलाई को यात्रा आष्टा से प्रारंभ होकर भोपाल पहुंचेगी। यात्रा के दौरान इंदौर, देवास, सोनकच्छ और आष्टा सहित विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साइक्लोथॉन का स्वागत किया। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि बड़ी संख्या में छात्र-युवाओं ने यात्रा में शामिल होकर शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
साइक्लोथॉन में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, एआईसीसी राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल, विधायक सचिन यादव, राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे, विजयलक्ष्मी साधौ, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, चिंटू चौकसे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें
- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का तत्काल इस्तीफा।
- नीट एवं सभी पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच।
- पेपर लीक माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई।
- सभी प्रतियोगी परीक्षाओं एवं सरकारी भर्तियों का वार्षिक कैलेंडर जारी किया जाए।
- केजी से पीजी तक निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा लागू की जाए।
- सभी रिक्त सरकारी पदों पर समयबद्ध भर्ती की जाए।
- सरकारी स्कूलों एवं महाविद्यालयों का सुदृढ़ीकरण किया जाए।
- पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

