'छात्रों की गूंज' अभियान को भोपाल में ऐतिहासिक बनाएगी एनएसयूआई: अंशुल त्रिवेदी
एनएसयूआई प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में 40 दिवसीय अभियान की रणनीति तैयार, छात्र संवाद और जनजागरूकता कार्यक्रमों पर जोर
भोपाल, 27 जून (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) मध्य प्रदेश की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, भोपाल में आयोजित हुई। बैठक में कांग्रेस के प्रस्तावित 'छात्रों की गूंज' अभियान को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई और अभियान को सफल बनाने के लिए सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक को मुख्य रूप से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के कॉर्डिनेटर एवं एनएसयूआई के राष्ट्रीय सह प्रभारी अंशुल त्रिवेदी ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन प्रदेशभर में 40 दिवसीय अभियान चलाएगा। इसके तहत कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, हॉस्टलों और छात्र समूहों तक पहुंचकर संवाद स्थापित किया जाएगा।
अंशुल त्रिवेदी ने कहा कि अभियान के दौरान पंपलेट वितरण, छात्र संवाद, टोली बैठकें, हॉस्टल मीटिंग और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 1 अगस्त को भोपाल कलेक्ट्रेट के बाहर सत्याग्रह किया जाएगा, जबकि 8 अगस्त को दिल्ली में राहुल गांधी देशभर से पहुंचे छात्रों को संबोधित करेंगे।
उन्होंने कहा कि भोपाल में इस अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने के लिए संगठन के कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ जुटेंगे और राजधानी से पूरे देश में एक संदेश देने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में पारित प्रस्ताव के माध्यम से निर्णय लिया गया कि मध्यप्रदेश के सभी जिलों में 'छात्रों की गूंज' अभियान को प्रभावी तरीके से संचालित किया जाएगा और अधिक से अधिक छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
एनएसयूआई के प्रदेश प्रभारी रवि दांगी ने कहा कि यह अभियान केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि छात्रों के अधिकारों और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों को उठाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का प्रत्येक कार्यकर्ता अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करेगा।
एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता छात्र-छात्राओं तक पहुंचकर उनकी समस्याओं और सुझावों को सामने लाएंगे। उन्होंने कहा कि भोपाल में अभियान को प्रभावी और व्यापक बनाने के लिए संगठन की पूरी टीम सक्रिय रूप से कार्य करेगी।
बैठक का संचालन एनएसयूआई के राष्ट्रीय महासचिव अंकुश भटनागर ने किया। इस अवसर पर युवा कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव सदफ खान सहित एनएसयूआई प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी और विभिन्न जिलों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

