जबलपुर : शराब की दुकान को लेकर महिलाओं का जोरदार प्रदर्शन
जबलपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बिलहरी क्षेत्र में शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर स्थानीय महिलाओं ने रविवार को मोर्चा खोल दिया। महिलाओं ने दुकान के बाहर नारेबाजी और प्रदर्शन करते हुए सांकेतिक रूप से ताला लगाकर शराब दुकान हटाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि इस बार दुकान का ताला किसी भी कीमत पर नहीं खुलने दिया जाएगा।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और महिलाओं को समझाकर शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने मामले को प्रशासन के संज्ञान में लाने तथा जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
महिलाओं का आरोप है कि शराब दुकान के आसपास देर रात तक असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। शराब पीने के बाद राह चलती महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ व बदसलूकी की घटनाओं का भी उन्हें सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक दुकान सुबह करीब 8 बजे से देर रात तक खुली रहती है, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है। तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसों का खतरा भी बना रहता है।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने बताया कि वे पिछले दो वर्षों से इस समस्या से परेशान हैं। इस संबंध में कई बार स्थानीय पुलिस चौकी में शिकायत करने के साथ प्रशासन को ज्ञापन भी दिए गए, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। महिलाओं का कहना है कि शराब की लत के कारण कई परिवार प्रभावित हो रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से शराब दुकान को आवासीय क्षेत्र से तत्काल हटाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

