आगरमालवाः कथावाचक जया किशोरी ने किये मां बगलामुखी के दर्शन
आगरमालवा, 28 मार्च (हि.स.)। प्रसिद्ध कथावाचक जया किशोरी शनिवार को दोपहर आगरमालवा जिले के नलखेड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध पीताम्बरा सर्व सिद्ध पीठ मां बगलामुखी मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने अपनी माता और अन्य परिजनों के साथ मां बगलामुखी के विधि-विधान पूर्वक दर्शन और पूजन किए।
जया किशोरी ने इस दौरान देश की सुख-शांति, समृद्धि और जनकल्याण के लिए विशेष प्रार्थना की। मंदिर के पुजारी हरिओम पंडा ने उन्हें मां की चुनरी ओढ़ाकर पारंपरिक रूप से सम्मानित किया। दर्शन के बाद जया किशोरी ने मंदिर के पीछे स्थित यज्ञशाला में हवन-पूजन और अनुष्ठान संपन्न किया। इस धार्मिक अनुष्ठान में उन्होंने आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मकता के प्रसार की कामना की। गौरतलब है कि जया किशोरी इंदौर से आगरमालवा जिले के नलखेड़ा पहुंची थीं। धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद वह शाम को वापस इंदौर के लिए रवाना हो गई।।
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

