home page

राजगढ़ः स्थापना दिवस पर विद्यार्थियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

 | 
राजगढ़ः स्थापना दिवस पर विद्यार्थियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां


राजगढ़, 01 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मध्य प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर रविवार को उत्कृष्ट विद्यालय राजगढ़ में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में पीएमश्री विद्यालय, सांदीपनि विद्यालय और कन्या शाला के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर प्रदेश की गौरवशाली विरासत और विकास यात्रा को प्रदर्शित किया।

राज्यमंत्री पंवार ने कहा कि 1 नवंबर 1956 को मध्य प्रदेश का गठन हुआ था। यह दिन प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली विरासत का प्रतीक है। वर्ष 2003 के बाद प्रदेश में विकास को नई गति मिली और अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विकास कार्य आगे बढ़ रहे हैं।लाड़ली बहना, लाड़ली लक्ष्मी, संबल, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास जैसी योजनाओं से समाज के प्रत्येक वर्ग को लाभ मिल रहा है।

सांसद रोडमल नागर ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। साथ ही रोजगारोन्मुखी और कौशल आधारित शिक्षा अपनाकर आत्मनिर्भर बनने की बात कही।

समारोह में स्वामित्व योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए तहसीलदार सोनू गुप्ता, पटवारी सचिन जायसवाल, बृजराज परमार, अंकित खरे, अनिल कुमार शर्मा और राजेंद्र सुमन को सम्मानित किया गया। पशु चिकित्सा, सीएम हेल्पलाइन, कामधेनु योजना और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए डॉ. विनोद कुमार यादव, चंद्रभान मुवेल और मुकेश द्विवेदी को सम्मान मिला। गांव के विद्यालय की अधोसंरचना सुधारने के लिए युवा विकास संगठन फुदीया तथा एक हजार पौधे लगाने और बाल विवाह उन्मूलन के प्रयासों के लिए ओमप्रकाश जायसवाल को सम्मानित किया गया।

स्थापना दिवस पर गोपालकृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता 2026 के विजेता पशुपालकों को भी सम्मानित किया गया। इसमें प्रथम पुरस्कार एक लाख, द्वितीय 50 हजार और तृतीय 25 हजार रुपए निर्धारित हैं। ब्यावरा के सलेहपुर में सुमेर सिंह की गिर नस्ल की गाय ने 16.145 लीटर औसत दुग्ध उत्पादन के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। जीरापुर के काशीपुरा में कुशाल सिंह दांगी ने साहीवाल गाय से 15.521 लीटर उत्पादन कर पहला स्थान पाया। समारोह में सिंचाई परियोजना और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के उत्कृष्ट कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में विधायक अमर सिंह यादव, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, एसपी अमित तोलानी सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक