home page

आगरमालवाः नशे से दूरी-है जरूरी 2.0 अभियान शुरू

 | 
आगरमालवाः नशे से दूरी-है जरूरी 2.0 अभियान शुरू


आगरमालवा, 15 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में बुधवार को नशे से दूरी-है जरूरी 2.0 जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ कोतवाली पुलिस थाने में आयोजित हुए कार्यक्रम में कलेक्टर प्रीति यादव एवं पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी द्वारा किया गया।

इस मौके पर एसपी सोनी ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं बल्कि पूरे परिवार एवं समाज को प्रभावित करता है तथा नशे की लत व्यक्ति की शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक स्थिति को कमजोर कर देती है, जिससे अपराधों में वृद्धि होती है और सामाजिक ताना-बाना प्रभावित होता है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने की अपील की तथा सभी नागरिकों से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया।

वहीं कलेक्टर प्रीति यादव ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल प्रशासन या पुलिस के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, सकारात्मक सोच एवं स्वस्थ आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा प्रशासन द्वारा संचालित जागरूकता, परामर्श एवं पुनर्वास प्रयासों की जानकारी दी।

इस मौके पर कलेक्टर व एसपी ने ने एक जन जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया रथ के साथ विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं पुलिस बल द्वारा एक विशाल जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें हाथों में जागरूकता संदेशों से युक्त तख्तियां एवं बैनर लेकर नागरिकों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। यह रथ 30 जुलाई 2026 तक जिले के समस्त नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को नशे के दुष्प्रभावों, नशामुक्त जीवन के महत्व तथा अभियान के उद्देश्यों के प्रति जागरूक करेगा। अभियान के दौरान जनजागरूकता कार्यक्रमों, रैलियों, व्याख्यानों, प्रतियोगिताओं, सोशल मीडिया अभियान एवं सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से जिलेभर में संचालित किया जाएगा।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविंद्र कुमार बोयट, एसडीएममिलिंद ढोके, एसडीओपी मोतीलाल कुशवाहा, तहसीलदार विजय सेनानी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी खुशाल सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी नितेश पांडे, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, जिले के सम्माननीय पत्रकारगण, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तथा संदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय, आगर के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा