प्रदेश सरकार के 42,490 करोड़ से अधिक के कार्यों की स्वीकृति विकास और जनकल्याण को देंगे गति : जयपाल सिंह चावड़ा
किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने मंत्रि-परिषद के निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री का जताया आभार
भोपाल, 15 सितंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश मंत्रि-परिषद की बैठक में मंगलवार काे प्रदेश के विकास, अधोसंरचना, किसानों और जनकल्याण से जुड़े फैसलों को मंजूरी दिए जाने पर भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि 42,490 करोड़ रुपए से अधिक के प्रस्तावों को मंजूरी मिलना सरकार की विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
जयपाल सिंह चावड़ा ने कहा कि इन फैसलों से शिक्षा, सिंचाई, परिवहन, उद्यानिकी, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और महिला सशक्तिकरण से जुड़े क्षेत्रों को गति मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा लिए जा रहे फैसलों का उद्देश्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अधोसंरचना मजबूत करने के साथ आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि समग्र शिक्षा योजना के लिए 36,006 करोड़ रुपए से अधिक की स्वीकृति से पूर्व प्राथमिक से कक्षा 12वीं तक की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों के उन्नयन और शिक्षा में समावेशन को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। चावड़ा के अनुसार उज्जैन की चितावद वृहद सिंचाई परियोजना, सिंगरौली की गौंड वृहद सिंचाई परियोजना और अशोकनगर की चंदेरी माइक्रो सिंचाई परियोजना की निरंतरता के लिए राशि स्वीकृत की गई है। इससे संबंधित क्षेत्रों में सिंचाई क्षमता बढ़ाने और किसानों को पानी उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है। उन्होंने उद्यानिकी विभाग की आठ योजनाओं के लिए 491 करोड़ रुपए की स्वीकृति को भी आधुनिक खेती, उद्यानिकी फसलों के विस्तार और खाद्य प्रसंस्करण के लिए महत्वपूर्ण बताया।
लाड़ली बहनों और परिवहन क्षेत्र के लिए भी फैसले
किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष चावड़ा ने रक्षाबंधन के अवसर पर लाड़ली बहनों को 250 रुपए की अतिरिक्त विशेष आर्थिक सहायता दिए जाने के निर्णय के अनुसमर्थन का स्वागत किया। उन्होंने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में सरकार का कदम बताया। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग की 11 योजनाओं के लिए 1,166 करोड़ रुपए से अधिक की स्वीकृति से परिवहन सुविधाओं, अधोसंरचना, सड़क सुरक्षा और महिला सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
मार्कफेड को ब्याज मुक्त ऋण
किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने मार्कफेड को 2,220 करोड़ रुपए से अधिक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराने के निर्णय को भी किसानों और सहकारिता व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया। उनके मुताबिक इससे रबी विपणन वर्ष 2024-25 के खाद्यान्न साख-सीमा ऋण की शेष राशि के पुनर्भुगतान में मदद मिलेगी और सहकारी विपणन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण से जुड़े फैसलों को आगे बढ़ा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

