home page

प्रदेश की आर्थिक स्थिति को लेकर कांग्रेस का सरकार पर हमला, जीतू पटवारी ने बढ़ते कर्ज पर उठाए सवाल

 | 
प्रदेश की आर्थिक स्थिति को लेकर कांग्रेस का सरकार पर हमला, जीतू पटवारी ने बढ़ते कर्ज पर उठाए सवाल


भोपाल, 08 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बुधवार को प्रदेश की आर्थिक स्थिति को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश पर कर्ज लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में 3,600 करोड़ रुपये का नया कर्ज लेने के बाद राज्य पर कुल देनदारी 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गई है।

जीतू पटवारी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के माध्यम से सरकारी प्रतिभूतियां जारी कर 3,600 करोड़ रुपये की नई उधारी ली है। उनके अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक सरकार 12,800 करोड़ रुपये का कर्ज ले चुकी है, जबकि पूरे वर्ष के लिए 78,500 करोड़ रुपये उधार लेने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने दावा किया कि 31 मार्च 2026 तक प्रदेश पर 4.88 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज था, जो नई उधारी के बाद 5 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।

आर्थिक प्रबंधन पर उठाए सवाल

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि लगातार कर्ज लेने के बावजूद किसानों, युवाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में अपेक्षित सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार विकास कार्यों के लिए उधारी ले रही है, तो उसका प्रत्यक्ष लाभ जनता को नजर आना चाहिए। पटवारी ने यह भी कहा कि राज्य की आय का बड़ा हिस्सा कर्ज के ब्याज के भुगतान में खर्च हो रहा है, जिससे विकास कार्यों पर असर पड़ रहा है।

फिजूलखर्ची और भ्रष्टाचार के लगाए आरोप

उन्होंने आरोप लगाया कि आर्थिक चुनौतियों के बावजूद सरकार अनावश्यक प्रचार-प्रसार और आयोजनों पर खर्च कर रही है। साथ ही उन्होंने राज्य में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी बढ़ने का भी आरोप लगाया और कहा कि इससे सरकारी वित्तीय स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।

श्वेत पत्र जारी करने की मांग

जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को अब तक लिए गए कर्ज, उसके उपयोग, वित्तीय स्थिति और भविष्य की आर्थिक रणनीति की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बढ़ते कर्ज और आर्थिक प्रबंधन के मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे