home page

स्टेट कराटे चैंपियनशिप: पहले दिन सतना के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन, 3 स्वर्ण सहित कई पदक जीते

 | 
स्टेट कराटे चैंपियनशिप: पहले दिन सतना के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन, 3 स्वर्ण सहित कई पदक जीते


सतना, 03 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले के खिलाड़ियों ने स्टेट कराटे चैंपियनशिप के पहले ही दिन रविवार काे शानदार प्रदर्शन करते हुए पदकों की झड़ी लगा दी। मध्य प्रदेश कराटे एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित सब-जूनियर, कैडेट और जूनियर वर्ग की इस प्रतियोगिता में सतना के खिलाड़ियों ने 3 स्वर्ण और 2 रजत पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।

प्रतियोगिता में आर्यन प्रताप ने कैडेट (50 किग्रा से कम) फाइट वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि मानस शुक्ला ने जूनियर काता स्पर्धा में गोल्ड जीता। टीम काता में अदिति शर्मा, धान्या सोनी और नूपुर की तिकड़ी ने बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

रजत पदक विजेताओं में अदिति शर्मा ने जूनियर गर्ल्स 48 किग्रा फाइट में लगातार तीन मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बनाई, जहां उन्हें करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। वहीं उत्कर्ष सेन ने जूनियर बॉयज 70 किग्रा से अधिक भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता। धैर्य कुशवाहा ने भी जूनियर वर्ग में रजत पदक हासिल किया।

अन्य खिलाड़ियों में आयुष प्रताप सिंह और अच्युत सिंह ने भी अच्छा प्रदर्शन किया, हालांकि वे पदक से चूक गए। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी आगामी जून में देहरादून में होने वाली राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता के लिए चयनित हो सकते हैं, जिसका आयोजन कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन द्वारा किया जाएगा।

खिलाड़ियों को मध्य प्रदेश मार्शलआर्ट्स एकेडमी में प्रशिक्षण मिल रहा है। इस दौरान मुख्य प्रशिक्षक एवं नेशनल रेफरी सेंसाई अंबुज सिंह ने निर्णायक की भूमिका निभाई, जबकि कोच आदित्य प्रताप सिंह और राहुल सिंह ने खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया।

इस उपलब्धि पर सतना जिला कराटे एसोसिएशन के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। प्रतियोगिता के अगले दो दिनों में सब-जूनियर वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी