home page

जहरीली शराब की जड़ तक पहुंचेंगे, दोषियों को नहीं बख्शेंगे: उप मुख्यमंत्री देवड़ा

 | 
जहरीली शराब की जड़ तक पहुंचेंगे, दोषियों को नहीं बख्शेंगे: उप मुख्यमंत्री देवड़ा


नेता प्रतिपक्ष के बयान पर बोले- संवेदनशील मामले में लाशों पर राजनीति न करें, बड़े अधिकारी की लापरवाही मिली तो होगी कार्रवाई

भोपाल, 07 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में उपमुख्यमंत्री एवं आबकारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा है कि सरकार घटना की जड़ तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। जहरीली शराब कहां और कैसे तैयार हुई तथा इसे उपलब्ध कराने वालों तक पहुंचना जांच का प्रमुख बिंदु है।

उपमुख्यमंत्री देवड़ा ने साेमवार काे प्रदेश मीडिया कार्यालय में पत्रकाराें से बातचीत करते हुए कहा कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और यदि बड़े अधिकारियों की लापरवाही या संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। वहीं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के ‘पाकिस्तान के बाद मध्यप्रदेश में हिंदू खतरे में हैं’ वाले बयान को गैरजिम्मेदाराना बताते हुए उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि शराब से जुड़ी घटना को जाति के आधार पर देखना उचित नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे संवेदनशील मामले में राजनीतिक रोटियां नहीं सेंकनी चाहिए। किसी की मौत पर राजनीति करने के बजाय दोषियों तक पहुंचना जरूरी है।

20 आरोपियों पर केस, 10 गिरफ्तार

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री के संज्ञान में मामला आते ही वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर भेजा गया। अब तक 20 आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जबकि 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के नेटवर्क और इसे बनाने व उपलब्ध कराने वालों की जानकारी जुटाई जा रही है।

13 पोस्टमार्टम में जहरीली शराब की पुष्टि

उपमुख्यमंत्री देवड़ा के मुताबिक, अब तक 13 मृतकों के पोस्टमार्टम हो चुके हैं और इनमें मौत की वजह जहरीली शराब की पुष्टि हुई है। प्रभावित लोगों का उपचार जारी है। सरकार की ओर से उनके इलाज की व्यवस्था की जा रही है और प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता भी दी जा रही है।

तीन अधिकारी निलंबित

उन्होंने बताया कि मामले में लापरवाही बरतने वाले तीन अधिकारियों को निलंबित किया गया है। देवड़ा ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई केवल निचले स्तर के अधिकारियों तक सीमित नहीं रहेगी। आबकारी आयुक्त और उपायुक्त सहित किसी भी स्तर के अधिकारी की लापरवाही या संलिप्तता सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।

पूरे प्रदेश में अवैध शराब पर नजर

देवड़ा ने कहा कि सागर की घटना के बाद पूरे मध्यप्रदेश में अवैध और जहरीली शराब के खिलाफ कार्रवाई को लेकर निगरानी बढ़ाई जा रही है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि कहीं अवैध या जहरीली शराब बनाए जाने अथवा बेचे जाने की जानकारी मिले तो इसकी सूचना सरकार को दें। सरकार ऐसे मामलों को रोकने के लिए गंभीरता से काम कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे