home page

राजगढ़ः फाइनल में राजगढ़ को हराकर ब्यावरा बना जिला स्तरीय वॉलीबॉल चैंपियन

 | 
राजगढ़ः फाइनल में राजगढ़ को हराकर ब्यावरा बना जिला स्तरीय वॉलीबॉल चैंपियन


राजगढ़, 03 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के शासकीय नेताजी सुभाषचंद्र बोस महाविद्यालय ब्यावरा में मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय महाविद्यालयीन वॉलीबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता में ब्यावरा महाविद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया।

फाइनल मुकाबले में ब्यावरा की टीम ने राजगढ़ महाविद्यालय की टीम को हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं राजगढ़ की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता में जिले के ब्यावरा, राजगढ़, खिलचीपुर और पचोर महाविद्यालय की टीमों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल, अनुशासन और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। विभिन्न मुकाबलों में शानदार खेल दिखाते हुए ब्यावरा और राजगढ़ की टीमों ने फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ा और रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। दोनों ओर से खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा दम लगाया, लेकिन ब्यावरा की टीम ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने पक्ष में कर लिया। जीत के साथ ही ब्यावरा की टीम ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता ब्यावरा और उपविजेता राजगढ़ की टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी संभागीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी संभागीय स्तर पर राजगढ़ जिले की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. आरके. गुप्ता, प्रो. अरविंद भारद्वाज, प्रो. प्रमोद खरे, प्रो. इंद्रा साकवा, क्रीड़ा प्रभारी मुकेश शाक्यवार, वॉलीबॉल फेडरेशन के जिला सचिव राम भील तथा कोच फिरोज लोदी, अंकित गौर एवं राकेश जाटव उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका अरुण साहू और आवेश अली ने निभाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक