home page

तेज रफ्तार कार की टक्कर से मासूम की मौत, तीन गंभीर घायल; आक्रोश में चक्काजाम

 | 
तेज रफ्तार कार की टक्कर से मासूम की मौत, तीन गंभीर घायल; आक्रोश में चक्काजाम


मंदसौर, 26 मार्च (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मंदसौर जिले में महू-नीमच फोरलेन हाईवे पर गुरुवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में मां के सामने 3 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया।

यह हादसा दलौदा थाना क्षेत्र के फतेहगढ़ गांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान जियान (3) पिता जाहिद के रूप में हुई है। घायलों में शानू (30), नायरा (25) और तीन माह की बच्ची हानिया शामिल हैं। नायरा को सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि शानू भी गंभीर रूप से घायल हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर करीब 2 बजे दोनों महिलाएं अपने बच्चों को इलाज के लिए धुंधड़का अस्पताल ले जा रही थीं। इसी दौरान मंदसौर से जावरा की ओर जा रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और सवार उछलकर दूर जा गिरे, जिससे उनकी हालत और बिगड़ गई।

हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने महू-नीमच फोरलेन पर जाम लगा दिया, जिससे करीब तीन किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

घायलों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उदयपुर रेफर किया गया है। तीनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं मासूम के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया।

घटना के बाद ग्रामीणों ने हाईवे पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने सर्विस लेन, स्पीड ब्रेकर और सुरक्षित क्रॉसिंग पॉइंट बनाने की आवश्यकता जताई। प्रशासनिक अधिकारियों ने जल्द आवश्यक व्यवस्थाएं कराने का आश्वासन दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया