home page

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर एसपी ने किया ब्लैक स्पॉट्स का निरीक्षण

 | 
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर एसपी ने किया ब्लैक स्पॉट्स का निरीक्षण


आगरमालवा, 13 मई (हि.स.)। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से मध्‍य प्रदेश के आगरमालवा पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-552जी सहित जिले के विभिन्न चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिले में पूर्व से चिन्हित चार ब्लैक स्पॉट्स की समीक्षा की गई, वहीं दुर्घटना संभावित दो नए ब्लैक स्पॉट्स भी चिह्नित किए गए। एसपी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सुधार कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं वैज्ञानिक तरीके से किया जाए, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।

उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक ब्लैक स्पॉट पर सड़क इंजीनियरिंग, संकेतक बोर्ड, प्रकाश व्यवस्था और वाहन गति नियंत्रण से जुड़े सभी आवश्यक उपाय प्राथमिकता के आधार पर लागू किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान ग्राम गुंदीकला फंटा क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर निर्माण और हाईमास्ट लाइट लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि रात्रिकालीन दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाया जा सके। वहीं ग्राम पिपलोनकलां फंटा पर बने स्पीड ब्रेकर को और प्रभावी बनाने तथा यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अलावा ग्राम ढोटी जोड़ स्थित राधास्वामी सत्संग पॉइंट, तहसील कार्यालय और सेंट्रल स्कूल के सामने विशेष सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जिससे इन व्यस्त क्षेत्रों में वाहन गति नियंत्रित रह सके और आम नागरिकों तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा बनी रहे।

एसपी ने छावनी चौराहा, डाक बंगला सुसनेर और खेतीखेड़ा क्षेत्र में भी पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, प्रभावी स्पीड कंट्रोल और अन्य आवश्यक संरचनात्मक सुधार तत्काल लागू करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीओपी मोतीलाल कुशवाह, एनएचएआई मैनेजर संध्या टाले, कोतवाली थाना प्रभारी शशि उपाध्याय, सुसनेर थाना प्रभारी अक्षय सिंह बैस, सूबेदार जगदीश यादव सहित एनएचएआई के इंजीनियर, ठेकेदार और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा