home page

पुलिस अधीक्षक ने किया थाने का निरीक्षण, लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश

 | 
पुलिस अधीक्षक ने किया थाने का निरीक्षण, लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश


जबलपुर, 02 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने मंगलवार को थाना बेलबाग का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक ओमती सोनू कुर्मी एवं थाना प्रभारी बेलबाग जितेन्द्र पाटकर उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाने की हवालात, मालखाना, जब्त संपत्ति, आर्म्स एवं एम्यूनिशन तथा राइट ड्रिल सामग्री का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने थाने में संधारित विभिन्न रजिस्टरों एवं शिकायत रजिस्टर का अवलोकन कर उनके अद्यतन रखरखाव की समीक्षा की।

पुलिस अधीक्षक ने साइबर हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण किया तथा साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया धोखाधड़ी, मोबाइल गुम होने सहित अन्य साइबर अपराधों से संबंधित शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान थाने में दर्ज अपराधों की समीक्षा करते हुए उन्होंने विवेचना में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई से प्राप्त शिकायतों का संतोषजनक और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

पुलिस अधीक्षक ने थाना स्टाफ को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, रिकॉर्ड संधारण में पारदर्शिता रखने तथा आमजन की शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक