home page

मोबाइल की जिद में बेटे ने 30 फीट ऊंचे पुल से नदी में लगाई छलांग, बचाने कूदा पिता; दोनों सुरक्षित

 | 
मोबाइल की जिद में बेटे ने 30 फीट ऊंचे पुल से नदी में लगाई छलांग, बचाने कूदा पिता; दोनों सुरक्षित


दमोह, 27 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में मोबाइल फोन दिलाने की जिद को लेकर एक युवक ने सुनार नदी पर बने करीब 30 फीट ऊंचे पुल से छलांग लगा दी। बेटे को नदी में कूदते देख पिता भी उसे बचाने के लिए पानी में उतर गए। दोनों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने नाव की मदद से नदी में पहुंचकर पिता-पुत्र को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना गुरुवार सुबह देहात थाना क्षेत्र के नरसिंहगढ़ की है।

जानकारी के अनुसार, द्वारिका यादव के सामने उनके बेटे अंकित यादव ने गुरूवार सुबह करीब 11 बजे पुल से नदी में छलांग लगाई। बेटे को कूदता देख द्वारिका ने भी बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी। उन्हें तैरना आता था। उन्होंने पानी में अंकित को पकड़ लिया और दोनों नदी में संघर्ष करते हुए पुल के पिलर के समीप पहुंच गए।

इसी दौरान पुल के आसपास मौजूद लोगों की नजर पिता-पुत्र पर पड़ी। लोगों ने तत्काल नाव की मदद से नदी में पहुंचकर दोनों को बाहर निकाला। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी लेने के बाद पिता-पुत्र को घर भेज दिया। समय रहते स्थानीय लोगों की मदद मिलने से दोनों की जान बच गई।

मोबाइल गुम होने के बाद पिता से मांगा था नया फोन

पूछताछ में अंकित ने बताया कि उसका मोबाइल फोन गुम हो गया था। उसने पिता से नया मोबाइल दिलाने के लिए कहा था, लेकिन पिता ने उसकी मांग पूरी करने से इनकार कर दिया। इसी बात से नाराज होकर वह सुनार नदी के पुल पर पहुंच गया। पिता भी उसके पीछे वहां पहुंच गए। दोनों के बीच पुल पर मोबाइल को लेकर कहासुनी हुई। पिता के दोबारा मोबाइल दिलाने से मना करने पर अंकित ने नदी में छलांग लगा दी।

द्वारिका यादव ने बताया कि बेटे को नदी में कूदता देखकर उन्होंने उसे बचाने के लिए छलांग लगाई और पानी में उसे पकड़ लिया। इसके बाद दोनों पुल के पिलर के पास पहुंच गए थे।

बेटे को गोद लिया है द्वारिका ने

बताया गया है कि द्वारिका यादव मजदूरी करते हैं और पहले ऑटो भी चलाते थे। उनकी कोई संतान नहीं है, इसलिए उन्होंने अंकित को गोद लिया था।

प्रत्यक्षदर्शी शहजाद ने बताया कि पिता-पुत्र को नदी में संघर्ष करते देखकर उन्होंने आसपास के लोगों और पुल से गुजर रहे राहगीरों को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस को भी जानकारी दी गई और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया गया। समय पर शुरू हुए बचाव प्रयास से पिता-पुत्र दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा