home page

अनूपपुर: सोमवती अमावस्या पर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना, महिलाओं ने पीपल वृक्ष की लगाई 108 परिक्रमा

 | 
अनूपपुर: सोमवती अमावस्या पर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना, महिलाओं ने पीपल वृक्ष की लगाई 108 परिक्रमा


अनूपपुर: सोमवती अमावस्या पर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना, महिलाओं ने पीपल वृक्ष की लगाई 108 परिक्रमा


अनूपपुर, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के शहर से लेकर गांवों तक पवित्र कार्तिक मास की सोमवती अमावस्या सोमवार को श्रद्धा, आस्था और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जा रहा हैं। सुबह से सौभाग्यवती महिलाओं ने वृक्षराज पीपल एवं घरों में महिलाओं ने तुलसी की विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन कर 108 परिक्रमा (फेरी) लगाई। अनेक महिलाओं ने पीपल वृक्ष के तने पर पवित्र सूत्र बांधकर उसकी परिक्रमा की तथा अपने पति एवं परिवार के सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।

हिंदू धर्म में अमावस्या तिथि का खास माना जाता है। सोमवती अमावस्या के मौके पर भगवान शिव, माता पार्वती और पितरों की पूजा करने का विधान है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आज के दिन स्नान-दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है, हर महीने अमावस्या आती है यानी वर्ष में 12 अमावस्या होती है, लेकिन जब ये सोमवार के दिन पड़ती है तो इसे सोमवती अमावस्या कहा जाता है, इस साल कार्तिक महीने की अमावस्या पर सोमवती अमावस्या का संयोग बन रहा है। यह वर्ष की अंतिम सोमवती अमावस्या होगी।

सोमवती अमावस्या के पुण्य अवसर पर पीपल वृक्ष की पूजा-अर्चना और परिक्रमा का क्रम प्रातःकाल से ही प्रारंभ हो गया था। महिलाओं ने सर्वप्रथम वृक्षराज पीपल का पूजन किया, दीप प्रज्वलित कर आरती उतारी। इसके पश्चात श्रद्धापूर्वक 108 परिक्रमा लगाईं। इस दौरान कई महिलाओं ने पीपल के तने पर पवित्र सूत्र लपेटकर परिक्रमा की। अमरकंटक में धार्मिक अनुष्ठान में पंडित राजेश पाठक ने विधिवत पूजन-पाठ कराया तथा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन सहित अन्य धार्मिक क्रियाएं संपन्न कराईं।

पूजन के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए पीपल वृक्ष के समक्ष दीप, पुष्प एवं पूजन सामग्री अर्पित की। परिक्रमा करते समय महिलाओं के मन में विशेष श्रद्धा और भक्ति का भाव दिखाई दिया। प्रत्येक फेरी के साथ उन्होंने अपने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना की। सुबह से ही धार्मिक स्थल पर महिलाओं की उपस्थिति बनी रही और पूरे वातावरण में पूजा-पाठ एवं आध्यात्मिक आस्था का भाव परिलक्षित होता रहा।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सोमवती अमावस्या पर पीपल वृक्ष की पूजा, परिक्रमा और आराधना का विशेष महत्व है। पीपल को सनातन परंपरा में पूजनीय वृक्षराज माना गया है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन श्रद्धापूर्वक पीपल की पूजा और परिक्रमा करने से पुण्यफल की प्राप्ति होती है। महिलाओं ने अपने पति की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य, यश-कीर्ति तथा संपूर्ण परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर आशीर्वाद मांगा।

इस धार्मिक अनुष्ठान में महिलाओं की अटूट श्रद्धा, पारिवारिक मंगलकामना और सनातन परंपराओं के प्रति समर्पण का सुंदर स्वरूप देखने को मिला। सोमवती अमावस्या का यह पर्व धार्मिक आस्था के साथ-साथ भारतीय संस्कृति में प्रकृति और वृक्षों के प्रति पूज्यभाव एवं संरक्षण की परंपरा का भी स्मरण कराता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला