झाबुआ: आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित किया जाए; कलेक्टर
झाबुआ, 13 अप्रैल (हि.स.)। लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण, कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करते हुए तथा शासन की मंशानुरूप कार्य करते हुए आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित किया जाए।
यह बात सोमवार को मध्य प्रदेश के जनजातीय बाहुल्य झाबुआ जिला कलेक्टर के रूप में पदभार ग्रहण करने के बाद, कलेक्ट्रेट कार्यालय में स्थित विभिन्न शाखाओं एवं कार्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का मुआयना करने के बाद डॉ योगेश तुकाराम भरसटे ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कही।
जिला कलेक्टर का पदभार ग्रहण करने के पहले डॉ. योगेश तुकाराम भरसट सोमवार को प्रातःकाल परिवार सहित देवझिरी स्थित प्राचीन संकट मोचन महादेव मंदिर में पहुँचे, जहां उन्होंने भगवान् शिव की पूजा-अर्चना की, और फिर तुरन्त कलेक्टर कार्यालय पहुँचे, जहाँ उन्होंने औपचारिक रूप से जिला कलेक्टर के रूप में पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने जिले के समग्र विकास सुशासन एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करते हुए आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। साथ ही उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय समन्वय बनाकर कार्य करने और जनहित को सर्वोपरि रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्थापना शाखा सहित वित्त, राजस्व, लाइसेंस शाखा, कलेक्टर न्यायालय, एडीएम कार्यालय एवं एडीएम न्यायालय का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की तथा लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण एवं कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कार्यालयीन व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने, अभिलेखों के संधारण में शुद्धता बनाए रखने एवं आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशानुरूप कार्य करते हुए आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्रसिंह चौहान, अपर कलेक्टर सी. एस. सोलंकी. सहायक कलेक्टर आशीष कुमार, संयुक्त कलेक्टर विजय कुमार मंडलोई, डिप्टी कलेक्टर महेश बड़ोले, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती रीतिका पाटीदार अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ महेश मंडलोई एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा

