home page

समाज के हर वर्ग तक संवाद एवं संपर्क बढ़ाना आवश्यक : डॉ. मोहन यादव

 | 
समाज के हर वर्ग तक संवाद एवं संपर्क बढ़ाना आवश्यक : डॉ. मोहन यादव


समाज के हर वर्ग तक संवाद एवं संपर्क बढ़ाना आवश्यक : डॉ. मोहन यादव


भाजपा प्रदेश कार्यालय में संभाग एवं जिला प्रभारियों की बैठक संपन्न

भोपाल, 17 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को संभाग एवं जिला प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को और मजबूत करने तथा सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया।

बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, नारी शक्ति वंदन अधिनियम तथा पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग-2026 जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा के उद्देश्यों की प्राप्ति कार्यकर्ताओं की एकजुटता और समर्पण से ही संभव है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विकास योजनाओं को समाज के हर वर्ग तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी की सफलता केवल चुनावी जीत तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में स्थायी पहचान और सेवा की भावना से भी जुड़ी है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को हर वर्ग से संवाद बढ़ाते हुए उनकी समस्याओं को समझना और समाधान तक पहुंचाना होगा।

वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कार्यकर्ताओं को संगठन की “असली ताकत” बताते हुए कहा कि उनकी मेहनत, निष्ठा और समर्पण ही पार्टी की सफलता का आधार है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही भाजपा की प्राथमिकता है, जिसके लिए संगठन और सरकार के बीच मजबूत समन्वय आवश्यक है।

खण्डेलवाल ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण सुनिश्चित करना भाजपा की प्राथमिकता है, जो महिलाओं को समान अवसर और अधिकार प्रदान करेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उठाए गए कदमों को इस दिशा में ऐतिहासिक बताया।

उन्होंने यह भी कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग-2026 कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा, दिशा और संगठनात्मक कौशल प्रदान करेगा, जिससे पार्टी की जमीनी पकड़ और मजबूत होगी।

बैठक में प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी एवं गौरव रणदिवे सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। यह बैठक आगामी रणनीतियों को स्पष्ट करने और संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे