home page

अनूपपुर: कमरे में सो रहे जीजा-साली को डसा सांप, बच्ची की हालत गंभीर

 | 
अनूपपुर: कमरे में सो रहे जीजा-साली को डसा सांप, बच्ची की हालत गंभीर


अनूपपुर: कमरे में सो रहे जीजा-साली को डसा सांप, बच्ची की हालत गंभीर


अनूपपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्यांलय की नगरपालिका के वार्ड 13 उंजीर बगीचा के पास सोमवार-मंगलवार की रात सो रहे जीजा-साली को करैत सांप ने डस लिया। दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना में 20 वर्षीय चेतन कोल और उनकी 12 वर्षीय साली भारती कोल सांप के डसने से घायल हुए हैं। मंगलवार सुबह भी भारती की हालत गंभीर बनी हुई है।

तीज मनाने पहुंचे थे ससुराल

चेतन कोल ने बताया कि वह हरतालिका तीज पर अनूपपुर स्थित अपनी ससुराल आए थे। रात में पूजा-पाठ के बाद वे बिस्तर पर सो गए थे। रात करीब 3:30 बजे चेतन को कमर के पास किसी चीज के काटने का अहसास हुआ। उन्होंने हाथ से टटोला तो एक पतला और लंबा जीव महसूस हुआ। घबराकर देखने पर पता चला कि वह करैत सांप था। युवक की चीख सुनकर घर के बाकी सदस्य जाग गए और उन्होंने सांप को मार दिया। घटना के समय उसी कमरे में अन्य घरवालों के साथ सो रही किशोरी भारती बेसुध थी। परिजन ने उसकी हालत देख दोनों जीजा और साली को तुरंत जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां किशोरी की हालत और बिगड़ गई। उसे पीडियाट्रिक वार्ड में भर्ती कर तुरंत एंटी-वेनम की दो खुराक दी गईं।

युवक चेतन की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है। डॉक्टरों ने दोनों को निगरानी में रखा है। डॉक्टरों का कहना है कि सांप ने संभवतः किशोरी को पहले ज्यादा डसा है, इसलिए जहर की मात्रा अधिक होने के कारण उसकी हालत गंभीर है।

दीदी-जीजाजी के साथ रहती है किशोरी

चेतन मजदूरी का काम करते हैं। वह अपनी साली भारती को बेहतर भरण-पोषण के लिए अपने साथ खन्नौद में रखते हैं। तीज पर्व के कारण चेतन की पत्नी अपनी छोटी बहन भारती को लेकर अनूपपुर आई हुई थी।

चचाई में बेलपत्र तोड़ने गए युवक को भी सांप ने डसा

जिला चिकित्सालय से मिली जानकारी में सोमवार शाम तीज पर्व पर 20 वर्षीय वीर सिंह भी सर्पदंश का शिकार हुए। जो चचाई में बेलपत्र तोड़ने घर के आसपास गए थे, तभी एक जहरीले सांप ने उनके दाहिने पैर में घुटने के नीचे डस लिया। उन्हें भी परिजनों ने जिला अस्पताल अनूपपुर में भर्ती कराया है।

अनूपपुर में दीवार पर टंगे थैले से निकला सांप, महिला को डसा

अनूपपुर से 3 किलोमीटर दूर तिपानखोली में सोमवार रात 32 वर्षीय तारावती बैगा को भी सांप ने डस लिया। वे अपने कच्चे घर की दीवार पर टंगे थैले से पैसे निकाल रही थीं, तभी यह घटना हुई। महिला को इलाज के लिए परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। थैले के अंदर नाग होने की सूचना पर सर्पप्रहरी शशिधर अग्रवाल द्वारा रेस्क्यू कर पकड़ा गया और विचरण के लिए जंगल में छोड़ा गया है।

सालभर में 500 लोग सर्पदंश के शिकार, 20 से ज्यादा की मौत

फिलहाल चारों सर्प दंश से पीड़ित व्यक्तियों का इलाज जारी है। अनूपपुर जिले में सालभर के दौरान लगभग 500 लोग सर्प दंश से पीड़ित हुए हैं, उनमें तत्काल इलाज के कारण अधिकांश की जान बची है, जबकि अबतक 20 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला