रतलाम-इंदौर फोरलेन पर स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पलटी, 28 यात्री घायल, क्रेन से हटाया गया वाहन
रतलाम, 04 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रतलाम-इंदौर फोरलेन पर गुरुवार देर रात करीब डेढ़ बजे यात्रियों से भरी स्लीपर बस अनियंत्रित हाेकर पलट गई। हादसे में बस सवार 28 यात्री घायल हो गए। हादसे के वक्त बारिश हो रही थी। बस के अचानक पलटते ही यात्रियों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बिलपांक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।
जानकारी के मुताबिक स्लीपर बस भीलवाड़ा से नासिक जा रही थी। सातरुंडा के पास रत्तागिरी चौराहे से पहले सड़क के माेड़ पर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही रतलाम और बदनावर से 3-4 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। घायलों को रात करीब 2 से 2.30 बजे के बीच रतलाम मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। हादसे के समय बारिश होने के साथ सड़क पर माेड़ भी था। शुरुआती तौर पर आशंका है कि माेड़ पर तेज रफ्तार के कारण चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन पलट गया। हालांकि पुलिस ने दुर्घटना की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि हादसा तेज गति, सड़क की स्थिति, फिसलन या किसी तकनीकी कारण से हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार इस हिस्से में पहले भी सड़क हादसे हो चुके हैं।
कुछ यात्रियों को फ्रैक्चर, किसी की हालत गंभीर नहीं
बिलपांक थाना प्रभारी अयूब खान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को बस से बाहर निकाला और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। पुलिस के अनुसार हादसे में किसी भी यात्री की हालत गंभीर नहीं है। हालांकि कुछ यात्रियों को फ्रैक्चर समेत अन्य चोटें आई हैं।
घायलाें के नाम
घायलाें में 50 वर्षीय मुन्नी निवासी पिपलिया (मंदसाैर), 60 वर्षीय निहाल हनीफ निवासी नासिक (महाराष्ट्र), 30 वर्षीय कमलेश निवासी चित्ताैड़गढ़ (राजस्थान), 33 वर्षीय राजकुमार निवासी भीलवाड़ा (राजस्थान), 18 वर्षीय काैशल निवासी पिपलिया मंडी (मंदसाैर), 38 वर्षीय फारीना निवासी नासिक (महाराष्ट्र), 6 वर्षीय मन्नू निवासी बिलाेनी (राजस्थान), 11 वर्षीय अलतमाश निवासी नासिक (महाराष्ट्र), 12 वर्षीय नाजिया निवासी पिपलिया मंडी (मंदसाैर), 37 वर्षीय भेरूलाल निवासी भीलवाड़ा (राजस्थान), 55 वर्षीय सैकिब निवासी पिपलिया मंडी (मंदसाैर), 12 वर्षीय साजिया निवासी पिपलिया मंडी (मंदसाैर), 32 वर्षीय अमिर कुरेशी निवासी नारसिहगढ़ (मंदसाैर), 50 वर्षीय मुख्तार कुरेशी निवासी कानपुर (महाराष्ट्र), 28 वर्षीय साबिर निवासी पिपलिया मंडी (मंदसाैर), 23 वर्षीय आयान निवासी नासिक (महाराष्ट्र), 55 वर्षीय वली माेहम्मद निवासी पिपलिया मंडी (मंदसाैर), 23 वर्षीय हमजा निवासी पिपलिया मंडी (मंदसाैर), 30 वर्षीय रवि निवासी भीलवाड़ा (राजस्थान), 52 वर्षीय हुसैन साबीर माेमीन निवासी रतलाम, 26 वर्षीय कृष्णा निवासी भीलवाड़ा(राजस्थान), 60 वर्षीय मलडा पिपलिया मंडी (मंदसाैर), 12 वर्षीय अरबा निवासी मलहाड़गढ़ (मंदसाैर), 40 वर्षीय साइना निवासी मलहाड़गढ़ (मंदसाैर), 30 वर्षीय अनीता निवासी दाेलिया (महाराष्ट्र), 51 वर्षीय अमीना निवासी नासिक (महाराष्ट्र), 42 वर्षीय रुपाराम निवासी उदयपुर (राजस्थान), 42 वर्षीय फिराेज निवासी (मंदसाैर) शामिल है।
क्रेन की मदद से बस सीधी कराई
घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद सड़क पर पलटी बस को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। क्रेन की मदद से बस को सीधा कराया गया। रतलाम के पुलिस अधिकारी भी देर रात घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया। पुलिस बल सुबह करीब 4.30 बजे तक मौके पर मौजूद रहा। इस दौरान बस को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारु कराने की कार्रवाई की गई। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

